Home News Helpline Classified Jobs About Contact

भाजपा की टीम ने अधिकारियों के साथ की बैठक

भाजपा की टीम ने अधिकारियों के साथ की बैठक
छिंदवाड़ा
16-Nov-26
56 टैंकरों और 22 ट्रैक्टरों में लगेंगे जीपीएस सिस्टम

50 सार्वजनिक कुओं की होगी साफ-सफाई, जाली लगाकर लगाए जाएंगे हैंडपंप; 

पानी की बर्बादी रोकने लीकेज तत्काल सुधारने और प्रत्येक क्षेत्र में एक दिन के अंतराल से जलप्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश

छिंदवाड़ा अपडेट

नगर निगम क्षेत्र में जलप्रदाय व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा गठित टोली की जलप्रदाय विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में टोली के सदस्य एवं जिला महामंत्री विजय पांडे तथा कार्यालय मंत्री भारत घई उपस्थित रहे। बैठक में नगर की वर्तमान जलप्रदाय व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नागरिकों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने, उपलब्ध जलस्रोतों के संरक्षण तथा पानी की बर्बादी रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

50 सार्वजनिक कुओं का होगा कायाकल्प

बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम सीमा में स्थित लगभग 50 सार्वजनिक कुओं की साफ-सफाई कराई जाएगी। इन कुओं को सुरक्षा की दृष्टि से जाली से ढका जाएगा तथा इन पर हैंडपंप लगाए जाएंगे, जिससे भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर निस्तार एवं अन्य उपयोगों के लिए पानी उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही सभी पुराने सार्वजनिक बोरों की सफाई एवं फ्लशिंग कराकर उन्हें जलप्रदाय के लिए तैयार किया जाएगा, ताकि उपलब्ध जलस्रोतों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो सके।

56 टैंकरों और 22 ट्रैक्टरों पर रहेगी जीपीएस से निगरानी

जल वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम के उपयोग हेतु उपलब्ध सभी 56 टैंकरों एवं 22 ट्रैक्टरों में जीपीएस सिस्टम लगाने का निर्णय लिया गया। जीपीएस के माध्यम से इन वाहनों की सतत निगरानी की जाएगी, जिससे उनकी आवाजाही और जल वितरण की व्यवस्था पर नजर रखी जा सकेगी तथा जरूरत के अनुसार संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा।

लीकेज रोकने और पानी की बर्बादी पर होगी सख्ती

बैठक में पाइपलाइन लीकेज को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए गए कि कहीं भी लीकेज की जानकारी मिलने पर तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके। प्रत्येक वाल्वमैन को निर्देशित किया गया कि संबंधित क्षेत्र में जलप्रदाय के लिए वाल्व चालू करने के बाद वह स्वयं क्षेत्र का भ्रमण कर पानी की आपूर्ति एवं व्यवस्था की सतत निगरानी करे। सार्वजनिक नलों में टोटी नहीं होने पर तत्काल टोटी लगाई जाएगी। इसके बाद भी यदि कहीं पानी की अनावश्यक बर्बादी होती दिखाई देती है तो संबंधित नल कनेक्शन तत्काल बंद किया जाएगा। इस कार्य की निगरानी संबंधित इंजीनियर एवं सहायक इंजीनियर द्वारा भी की जाएगी, ताकि निर्देशों का प्रभावी पालन हो सके।

एक दिन के अंतराल से जलप्रदाय सुनिश्चित करने पर जोर

बैठक में वाल्वमैन और जलप्रदाय विभाग के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि उपलब्ध जल और संसाधनों के अनुसार नगर के प्रत्येक क्षेत्र में एक दिन के अंतराल से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए जलप्रदाय का व्यवस्थित कार्यक्रम तैयार कर उसकी नियमित निगरानी की जाएगी।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि नगरवासियों को नियमित एवं व्यवस्थित जलप्रदाय उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए जलस्रोतों का संरक्षण, संसाधनों का बेहतर उपयोग, तकनीकी निगरानी और अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए सभी निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन किया जाए।
Share News On