शुक्रवार 20 नवंबर को अमरवाड़ा के पौनार में लगेगा मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर
छिंदवाड़ा
16-Nov-26
कलेक्टर श्री नारायन ने ली समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक

छिन्दवाडा अपडेट
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला अधिकारियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में समय-सीमा प्रकरणों के साथ मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई आवेदनों तथा विभिन्न आयोगों एवं वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई।
20 नवंबर को अमरवाड़ा के पौनार में लगेगा मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर
कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत अगला जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर शुक्रवार 20 नवंबर को विकासखंड अमरवाड़ा की ग्राम पंचायत पौनार में आयोजित किया जाएगा। शिविर के पूर्व पौनार एवं आसपास के ग्रामों की शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा अपनी अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण कर प्रतिवेदन परख ऐप पर ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। बैठक में अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन की चिन्हित शिकायतों की विभागवार जानकारी एसडीएम परासिया एवं नोडल अधिकारी श्री शुभम कुमार यादव द्वारा दी गई। कलेक्टर ने इन शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी केंद्रों की वास्तविक स्थिति की होगी समीक्षा
कलेक्टर श्री नारायन ने जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को दिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त फोटोग्राफ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों की वास्तविक स्थिति एवं उनके निर्धारित स्थान पर संचालित होने की जानकारी का परीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी द्वारा बताया गया कि योजना के तहत कुल 13 आंगनवाड़ी भवन स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 10 भवनों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा 2 भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने शेष भवनों का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ कराने तथा निर्माणाधीन भवनों को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में आधार अपडेट का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश
बैठक में विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किए जा रहे आधार अपडेट शिविरों की प्रगति की समीक्षा की गई। डीईजीएम द्वारा अवगत कराया गया कि विद्यालयों में आधार अपडेट का कार्य लगातार जारी है। कलेक्टर ने इस कार्य को प्राथमिकता से लेते हुए शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में आधार अपडेट शिविरों का प्रभावी आयोजन जारी रखने तथा अधिक से अधिक बच्चों का आधार अपडेट सुनिश्चित करने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर जताई नाराजगी
सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग में शिकायतों के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर श्री नारायन ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा इस कार्य में लापरवाही किये जाने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।