संत जलाराम बापा जयंती पर गुजराती समाज भवन में होंगे कार्यक्रम
धर्म
14-Nov-26
16 नवंबर को विभिन्न आयोजनों की बनी रूपरेखा

छिंदवाड़ा अपडेट
भगवान श्रीराम के परम भक्त संत शिरोमणि जलाराम बापा का जन्म 4 नवंबर 1799 कार्तिक माह की सप्तमी को विक्रम संवत 1856 में गुजरात के वीरपुर नामक स्थान में हुआ था तथा उनका देवलोक गमन 23 फरवरी 1881 विक्रम संवत 1937 को हुई थी।
बापा जलाराम जीवन पर्यंत दीन दुखियों की सेवा करते रहे और उन्होंने वीरपुर में सदा व्रत चालू किया जो आज भी निरंतर चालू है वीरपुर में जलाराम बाप के मंदिर में प्रतिदिन हजारों भक्त भोजन प्रसादी लेकर ही वहां से वापस होते हैं। समाज के अध्यक्ष अश्विनी भट्ट ने बताया कि वीरपुर मंदिर की विशेषता यह है कि वहां पर किसी भी प्रकार का दान या चढ़ावा नहीं लिया जाता और विगत 200 वर्षों से निरंतर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन कराया जाता है।
समिति के सहसचिव राहुल सूचक ने बताया की छिंदवाड़ा गुजराती समाज द्वारा निरंतर 85 वर्षों से जलाराम जयंती मनाई जा रही है और समय के साथ इसका स्वरूप भी विस्तृत होते जा रहा है बापा की कृपा से भक्तों द्वारा इतना अन्न उपलब्ध करा दिया जाता है कि समाज भवन में सैकड़ो की संख्या में भोजन प्रसादी का वितरण किया जाता है इतने वर्षों में कभी भी ऐसा कोई अवसर नहीं आया की भोजन कम हुआ हो।
दुनिया भर में जलाराम बापा के अनुयायी कार्तिक माह की सप्तमी को जलाराम जयंती के अवसर पर समस्त जन सामान्य के लिए भोज का आयोजन करते हैं। छिंदवाड़ा के गुजराती समाज भवन में भी 16 नवंबर को प्रातः 9 बजे स्थापना और दोपहर 12 बजे से 3 तक भंडारा एवं समाज जनों की महाप्रसादी का कार्यक्रम रहेगा जिसमें जनसाधारण लोगों को भी भोजन कराया जाता है। 5 बजे से श्रीगोवर्धननाथ हवेली बेरडी सौसर के भजन गायक विपिन भाई शर्मा अपनी मंडली के साथ भजन प्रस्तुति देंगे तथा रास गरबे का आयोजन किया जाएगा। 6.30 बजे जलाराम बापा की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। समस्त कार्यक्रम गुजराती समाज भवन के नीचे के हॉल, जलाराम चौक, नई आबादी में किए जाएंगे।