Home News Helpline Classified Jobs About Contact

बैंक में चोरी की कोशिश नाकाम; दो आरोपी गिरफ्तार

बैंक में चोरी की कोशिश नाकाम; दो आरोपी गिरफ्तार
क्राइम
14-Nov-26
छिंदवाड़ा अपडेट

देहात थाना पुलिस ने गांगीवाड़ा स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में हुई चोरी के प्रयास की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि उल्लंघनकर्ता किशोर को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बाइक जब्त की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी और किशोर के साथ मिलकर बैंक में घुसकर चोरी का प्रयास करना स्वीकार किया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

घटना की शुरुआत 8 नवंबर की तड़के हुई थी, जब गांगीवाड़ा स्थित पंजाब नेशनल बैंक के ब्रांच मैनेजर सोनल इंदल भावे के पास सुबह करीब 4 बजकर 18 मिनट पर बैंक के सायरन अलार्म का कॉल आया। उन्होंने तत्काल बैंक कर्मचारी दुर्गेश और अन्य लोगों को मौके पर भेजा, जहां बैंक का शटर खुला हुआ मिला और उस पर लगे ताले टूटे हुए पाए गए। अंदर जांच करने पर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त मिले। ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर थाना देहात पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पांडे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी के निर्देश पर देहात थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्यों और फिंगरप्रिंट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इसी कड़ी में 13 नवंबर को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर दो युवकों और एक किशोर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अल्ताफ कुरैशी और पातालेश्वर (थाना कुंडीपुरा) निवासी 19 वर्षीय आदर्श पिता मुकेश बोहद के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अल्ताफ कुरैशी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ थाना कोतवाली में पहले से ही चोरी का एक मामला दर्ज है। पुलिस अब फरार चल रहे चौथे आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
Share News On