कृषि पम्पों पर लगे बिजली मीटर ने किसानों पर डाला आर्थिक बोझ: कमलनाथ
राजनीति
14-Nov-26
किसानों को फ्लैट रेट पर बिजली देने का किया आग्रह

छिन्दवाड़ा अपडेट
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किसानहित में एक आवश्यक पत्र मप्र के मुख्यमंत्री को लिखा है जिसमें उन्होंने 24 घंटे विद्युत आपूर्ति वाले क्षेत्रों के किसान भाइयों पर डाले गए आर्थिक बोझ का उल्लेख करते हुए कहा कि कृषि पम्पों पर लगाए गए मीटर आर्थिक बोझ का कारण बन चुके हैं। छिन्दवाड़ा जिले के किसानों की यह एक गम्भीर समस्या है जिसका निदान नितांत किया जाना आवश्यक है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने अर्द्ध शासकीय पत्र क्रमांक-353 के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि छिन्दवाड़ा जिले में 24 घंटे बिजली आपूर्ति वाले क्षेत्रों में कृषि पम्पों पर बिजली मीटर लगाए जाने के कारण किसानों पर बिजली बिलों का अधिक वित्तीय बोझ बढ़ गया है। कृषि पम्पों पर मीटर आधारित बिलिंग व्यवस्था से किसानों को भारी-भरकम बिजली बिल प्राप्त हो रहे हैं। जिससे उनकी खेती की लागत बढ़ रही है और आर्थिक कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ रहा है।
किसान पहले से ही बढ़ती कृषि लागत, खाद-बीज एवं डीजल के बढ़े दामों तथा प्राकृतिक आपदाओं के कारण अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसी स्थिति में कृषि पम्पों पर मीटर से बिलिंग किसानों की परेशानी को और बढ़ा रही है। किसानों की मांग है कि पूर्व में लागू फ्लैट रेट बिजली बिलिंग व्यवस्था पुनरू बहाल की जाए, जिससे उन्हें बिजली बिलों के अनिश्चित एवं अतिरिक्त आर्थिक बोझ से राहत मिल सके।
श्री नाथ ने छिन्दवाड़ा जिले सहित प्रदेश के 24 घंटे बिजली आपूर्ति वाले क्षेत्रों में कृषि पम्पों पर लगाए गए बिजली मीटर हटाने तथा सभी पात्र किसानों के लिए पूर्ववत फ्लैट रेट बिजली बिलिंग व्यवस्था पुनरू लागू करने हेतु आदेश प्रदान करने का कष्ट करें ताकि मीटर आधारित बिलिंग से प्रभावित किसान भाइयों को तत्काल राहत मिल सके।