Home News Helpline Classified Jobs About Contact

आय से अधिक संपत्ति मामले में लोकायुक्त की कार्रवाई

आय से अधिक संपत्ति मामले में लोकायुक्त की कार्रवाई
मध्यप्रदेश
14-Nov-26
23 लाख नकद, 700 ग्राम सोना व होटल-रिसॉर्ट के दस्तावेज मिले

छिंदवाड़ा/पचमढ़ी

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर लोकायुक्त भोपाल की टीम ने शनिवार सुबह सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पदस्थ सहायक संचालक संजीव शर्मा के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सुबह करीब 7 बजे लोकायुक्त की दो अलग-अलग टीमों ने एक साथ उनके छिंदवाड़ा और पचमढ़ी स्थित सरकारी आवासों पर दबिश दी, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।   

नकदी, आभूषण और बंद अलमारियां

तलाशी अभियान का नेतृत्व पचमढ़ी में लोकायुक्त एसपी सुनील पाटीदार और छिंदवाड़ा में डीएसपी अजय मिश्रा कर रहे हैं। शुरुआती जांच में अब तक 23 लाख रुपये नकद और करीब 700 ग्राम सोने के आभूषण बरामद होने की जानकारी सामने आई है। इसके साथ ही छिंदवाड़ा की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित मकान में तलाशी के दौरान दो अलमारियां बंद मिली हैं, जिनकी चाबियां संजीव शर्मा के पास होना बताई जा रही हैं।   

होटल-रिसॉर्ट से लेकर प्लॉट तक की पड़ताल

लोकायुक्त की टीम को छापेमारी में संपत्ति से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं। प्रारंभिक पड़ताल में पचमढ़ी में होटल और रिसॉर्ट होने के संकेत मिले हैं। इसके अलावा छिंदवाड़ा और होशंगाबाद में प्लॉट, दुकानें तथा अन्य अचल संपत्तियों की जानकारी भी जांच के दायरे में ली गई है। अधिकारियों के अनुसार, टीम संजीव शर्मा के बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। जांच का मुख्य केंद्र अधिकारी की घोषित आय और सामने आई बेहिसाब संपत्ति के बीच के अंतर का आकलन करना है। पूरी कार्रवाई समाप्त होने के बाद ही कुल अनुपातहीन संपत्ति का वास्तविक आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा। 
Share News On