हुडदंग करने वाले और अवैध शराब बेचने वालों पर पुलिसिया कार्रवाई
क्राइम
11-Jun-26
शांति व्यवस्था बनाने पुलिस की लगातार सर्चिंग
छिंदवाड़ा
पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों और अपराधियों पर पुलिस नियंत्रण की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना क्षेत्र के कुकड़ाजगत में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पात मचाने की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने सोहेल उर्फ सन्नाटा (21 वर्ष), आयुष उर्फ वासू (24 वर्ष), नीरज उर्फ सचिन (25 वर्ष) और राकेश बेलवंशी (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। सभी को तहसीलदार न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए सभी युवक पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं तथा जिले के अलग-अलग थानों में इनके खिलाफ रिकॉर्ड दर्ज हैं।
मोहरली में अवैध शराब बेचते पकड़ाया
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 जून को थाना देहात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहरली आम रोड स्थित मंदिर के पास झाड़ियों में एक युवक बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम यश उर्फ चाऊ पिता रूपप्रसाद शर्मा (23 वर्ष), निवासी टीव्ही टावर के पास, कुकड़ाजगत बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15-15 लीटर की चार प्लास्टिक कुप्पियों में कुल 60 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 6 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 345/26 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में इन अधिकारियों की रही प्रमुख भूमिका इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जी.एस. राजपूत, उपनिरीक्षक हर्ष नागले, सहायक उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, सुरेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक संजय उईके, मंगल तेकाम तथा आरक्षक सौरभ, शैलेन्द्र सिंह, सीताराम और तरुण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।