Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा, हर हाल में रोके अवैध रेत उत्खनन

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा, हर हाल में रोके अवैध रेत उत्खनन
छिंदवाड़ा
11-Jun-26
छिन्दवाडा 

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यों की प्रगति का विस्तृत परीक्षण किया। बैठक में सीमांकन, नामांतरण, राजस्व वसूली, अवैध उत्खनन पर कार्रवाई, फॉर्मर रजिस्ट्री एवं सीएम हेल्पलाइन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, जिला मुख्यालय के सभी संयुक्त कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टर सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खनिज अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। 

अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के मामलों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध रेत खनन एवं चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए तथा संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई कर अधिक से अधिक प्रकरण दर्ज किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री नारायन ने सी.एम.हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 100 दिवस से अधिक अवधि से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। सभी अधिकारी शिकायतों की नियमित समीक्षा करें तथा गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें।
Share News On