Home News Helpline Classified Jobs About Contact

पुलिस और प्रशासन की तानाशाही के खिलाफ हर संघर्ष के लिए तैयार है हम: नकुलनाथ

पुलिस और प्रशासन की तानाशाही के खिलाफ हर संघर्ष के लिए तैयार है हम: नकुलनाथ
राजनीति
28-Oct-26
विधायक सोहन वाल्मीकि पर अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई का संकेत दिया

कांग्रेस परिवारजन के किसी भी सदस्य के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

छिन्दवाड़ा अपडेट

जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने पुलिस और प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस के निर्वाचित जनप्रतिनिधि परासिया विधायक सोहन वाल्मीकि व कांग्रेस कार्यकर्ता शुभम मालवी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करना तानाशाही का सबसे बड़ा प्रमाण है। सरकार के इशारों पर काम करते हुए पुलिस ने बिना किसी जांच और छानबीन के तत्काल अपराध कायम कर एकतरफा कार्रवाई का संकेत दिया है। पुलिस और प्रशासन कांग्रेस के किसी भी विधायक व कांग्रेस के किसी भी पदाधिकारी व कार्यकर्ता को अकेला ना समझें। मैं हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा हूं और यह साफ चेतावनी देता हूं कि हर अन्याय और अत्याचार के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी और ईंट का जवाब पथर से दिया जाएगा।

विधायक सोहन वाल्मीकि परासिया विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित जनप्रतिनिधि है। जनता ने उन पर भरोसा जताया है और जनता के विश्वास पर वे खरे उतर रहे हैं। विगत 16 वर्षों से उनके द्वारा दशहरा पर्व पर शांतिपूर्ण ढंग से चांदामेटा में आयोजन किया जा रहा है। किन्तु इस बार भाजपा के आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों ने पहुंचकर इस आयोजन में खूब व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया, लेकिन जब वे सफल नहीं हो पाए तो उन्होंने प्रशासन को हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जो कि दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। 

आयोजन स्थल पर सभी के बैठने के लिए उचित स्थान निर्धारित था। आयोजन में कोई मुख्य अतिथि नहीं थे, इसके बाद भी बीजेपी के लोगों ने हटधार्मिता अपनाते हुए दीप प्रज्वलन करने और स्टेज पर चढ़ने की जिद की। जिसका विरोध उपस्थितजनों ने किया। भाजपा के लोगों ने निर्वाचित जनप्रतिनिधि कांग्रेस के विधायक सोहन वाल्मीकि को अपशब्द कहे, धक्का दिया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

परासिया एसडीएम ने अनेकों बार कार्यक्रम को रोकने का प्रयास किया, तरह-तरह के व्यवधान डाले, लेकिन जब आयोजन सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ तो भाजपा के लोगों ने पुलिस पर दबाव बनाकर तत्काल परासिया विधायक पर अपराध पंजीबद्ध कर दिया, लेकिन वहीं दूसरी ओर विधायकगणों की पुलिस और प्रशासन के द्वारा लगातार अनसुनी की गई। जिम्मेदार अधिकारियों को सम्पूर्ण साक्ष्य प्रस्तुत करने के बावजूद पुलिस ने आयोजन में व्यवधान डालने वाले भाजपा के लोगों पर अपराध कायम नहीं किया। इसका सीधा अर्थ है कि पुलिस और प्रशासन भाजपा के दबाव में काम कर रही है। परासिया विधायक सोहन वाल्मीकि और कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपने आपको अकेला ना समझें। मैं, कमलनाथ जी एवं प्रदेश व देश की कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी उनके साथ खड़े हैं। श्री नाथ ने अंत में कहा कि भाजपा सरकार तत्काल दोषी अधिकारियों को हटाए, दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई करें और परासिया विधायक सोहन वाल्मीकि व कांग्रेस कार्यकर्ता शुभम मालवी पर दर्ज अपराध तत्काल वापस लें, अन्यथा कांग्रेस अब सड़कों पर उतकर प्रदर्शन करेगी जिसके लिए पूरा शासन और प्रशासन तैयार रहें।

अशोक तिवारी जिला कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष तो राजीव तिवारी चौरई विधानसभा प्रभारी बने 

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ जी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी व चौरई विधानसभा प्रभारी की नियुक्ति की गई है। नवनियुक्त पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार अशोक तिवारी को जिला कांग्रेस कमेटी में कार्य. अध्यक्ष एवं राजीव तिवारी को चौरई विधानसभा का प्रभारी मनोनित किया गया है। नवनियुक्त पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों ही नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपनी नियुक्ति के प्रति माननीय कमलनाथ जी एवं माननीय नकुलनाथ जी का हृदय से आभार माना है।
Share News On