ऑटो स्टैंडों को अतिक्रमण मुक्त करने एवं वाहनों की जांच के निर्देश
छिंदवाड़ा
28-Oct-26
जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश

छिन्दवाडा अपडेट
शहर में चिन्हित ऑटो स्टैंडों को अतिक्रमण मुक्त करने के संबंध में कलेक्टर ने अतिक्रमण अधिकारी को यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाकर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही दूसरे राज्यों में पंजीकृत वाहनों की अधिक से अधिक जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को दिए गए।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा सड़क सुरक्षा के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा के साथ वर्तमान एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री नारायन ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्गों के अतिक्रमण हटाने के निर्देश
बैठक में जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 547 एवं 347 के राइट ऑफ वे में स्थित अनाधिकृत ढाबों, कैटरिंग स्थलों एवं अन्य अतिक्रमणों को चिन्हित कर सूचीबद्ध करने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि लंबे समय से स्थायी स्वरूप ले चुके अतिक्रमणों को प्राथमिकता से हटाया जाए। ऐसे अतिक्रमण, दुकानें एवं अन्य संरचनाएं, जिनसे सड़क पर दृश्यता बाधित होती है और ब्लाइंड स्पॉट बनते हैं, उन्हें पहले हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई कर माननीय सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
छिंदवाड़ा-तामिया मार्ग पर सड़क चिह्नों को दुरुस्त करने के निर्देश
छिंदवाड़ा-तामिया मार्ग पर सड़क की मिडिल लाइन एवं साइड लाइन की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि कई स्थानों पर सड़क की मिडिल लाइन लगभग मिट चुकी है, जिससे विशेषकर मोड़ों एवं संवेदनशील स्थानों पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। उन्होंने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित कर वहां तत्काल मिडिल लाइन एवं साइड लाइन बनवाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को सड़क की स्पष्ट जानकारी मिल सके और आवागमन सुरक्षित हो। बैठक में वर्तमान एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा के दौरान कलेक्टर ने दमुआ से परासिया के बीच एमपीआरडीसी के अधिकारियों को सड़क का सर्वे करने के निर्देश दिए।
ई.एल.सी. चौराहे की यातायात व्यवस्था में सुधार के निर्देश
बैठक में शहर के ई.एल.सी. चौराहे पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में भी चर्चा की गई। नगर निगम के इंजीनियर द्वारा चौराहे की संरचना में संभावित बदलावों के संबंध में तैयार किए गए चित्रों एवं प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण किया गया। कलेक्टर श्री नारायन ने प्रस्तावित बदलावों की समीक्षा करते हुए चौराहे की संरचना में और बेहतर सुधार करने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों की आवाजाही सुगम हो, अनावश्यक जाम की स्थिति न बने और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री नारायन ने 16 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय एवं संबंधित अधिकारियों के साथ ई.एल.सी. चौराहे का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए थे। बैठक में इस संबंध में तैयार किए गए प्रस्तावों पर आगे की कार्यवाही को लेकर चर्चा की गई।