शहरवासियों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसा रहा भाजपा शासित निगम: हंसा अंबर दाढ़े
राजनीति
28-Oct-26
कांग्रेस पार्षदों के साथ नेताप्रतिपक्ष ने किया फिल्टर प्लांट का निरीक्षण
कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जल्द ही जाएगी जनता के सामने

छिंदवाड़ा अपडेट
पिछले एक माह से शहरवासी पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसने के मजबूर हो गए हैं। एक दिन के बाद नलों में आने वाला पानी अब दो-तीन दिन बाद मिल रहा है वो भी मुश्किल से 10 से 15 मिनट। उसमें भी कई जगह मटमैटा पानी और तो और कई जगह नालियों का गंदा पानी भी नागरिकों को वर्तमान नगर निगम द्वारा परोसा जा रहा है। यह कहना है कांग्रेस पार्षद दल और निगम में नेता प्रतिपक्ष हंसा अंबर दाढ़े का।
शहर में गहराते जल संकट की वास्तविक जानकारी के लिए नेता प्रतिपक्ष हंसा अंबर दाढ़े के नेतृत्व में कांग्रेस पाषदों का दल जिसमें तरूण कराडे, चिंटू काले, शोभि कुरैशी, मंजू बैस, सरला श्रीवास्तव और नदीम अहमद शामिल थे बुधवार को सीधे फिल्टर प्लांट पहुंचे। यहां उन्होंने फिल्टंर प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों से सवाल पूछे तो कर्मचारियों के उत्तर से वे हैरान रह गए।
माचागोरा डेम के पानी को लेकर जनता से झूठ बोल रही भाजपा
नेता प्रतिपक्ष हंसा अंबर दाढ़े और कांग्रेस पार्षद दल ने जानकारी देेते हुए बताया कि माचागोरा डेम का पानी लाने के जो दावे भाजपा द्वारा किए जा रहे हैं वे सभी झूठे हैं। जल संकट की भयावहता को देखत हुए माचागोरा डेम से 28 एमएलडी पानी की सप्लाई होना चाहिए था वो सिर्फ 20-22 एमएलटी ही आ रहा है। भाजपा शासित निगम और महापौर कह रहे हैं कि माचागोरा से कुलबेहरा तक पानी लाने के लिए पाईप लाईन बिछ चुकी है जबकि सच्चाई यह है कि निगम द्वारा केवल डीपीआर तैयार किया गया है। अभी टेंडर होगा उसके बाद पाईप लाईन बिछाई जाएगी जबकि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कार्यकाल में जल संकट को लेकर युद्ध स्तर पर काम किया गया और शहरवासियों को पानी उपलब्ध कराया गया।
क्या यही है भाजपा की नल-जल अमृत योजना
नेता प्रतिपक्ष हंसा अंबर दाढ़े और कांग्रेस पार्षद दल ने तीखा व्यंग्य कसते हुए भाजपा से पूछा है कि क्या यही आपकी सरकार की अमृत नल-जल योजना। 24 घंटे शुद्ध पेयजल की उपलब्धता तो दूर शहरवासियों को पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी द्वारा 24 घंटे पानी के लिए दी गई राशि में भी भाजपा ने भारी भ्रष्टाचार किया। शहर में पाईप लाईन तो बिछाई गई लेकिन आज दिनांक तक उसमें पानी की एक बूंद नहीं आई। राम राज का दावा करने वाली भाजपा के राज में शहरवासी पानी के लिए तरस रहे हैं।
जल की उपलब्ध बढ़ाएं और जलकर की राशि घटाए निगम
नेताप्रतिपक्ष हंसा अंबर दाढ़े और कांग्रेस पार्षद तरूण कराडे, चिंटू काले, शोभि कुरैशी, मंजू बैस, सरकाल श्रीवास्तव और नदीम अहमद का कहना है कि नगर निगम को शहरवासियों के लिए जल की उपलब्धता को तुरंत ही बढ़ाना चाहिए और बढ़ाए गए जलकर को भी आधा करना चाहिए। यदि ऐसा नहीं होता है तो बहुत जल्द ही कांग्रेस जल संकट को लेकर आंदोलन करेगी।