सांसद बंटी विवेक साहू की पहल पर हर विधानसभा में होगी औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना
छिंदवाड़ा
26-Feb-26
विधानसभा स्तर पर जहां उद्योगों की स्थापना से बेरोजगारों को मिलेगा रोजगार वहीं क्षेत्र का होगा विकास
छिंदवाड़ा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की मंशानुरूप अब छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले की सभी विधानसभाओं में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जायेगी। प्रधानमंत्री की इस मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में अब मध्यप्रदेश सहित छिंदवाड़ा जिले के चार विधानसभाओं में उद्योगों की स्थापना होने से जहां बेरोजगारों को रोजगार मिल सकेगा वहीं विकासखंड मुख्यालय में रोजगार के अवसर बढ़ने से यहां पर तीव्र गति से विकास हो सकेगा।

उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा एवं पांढुणा जिले में उद्योगों की स्थापना को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू लगातार प्रयासरत है। दिल्ली एवं भोपाल प्रवास के दौरान सांसद श्री साहू इस संबंध में मंत्रियों और अधिकारियों से लगातार मुलाकात कर रहे है। अब सांसद बंटी विवेक साहू की पहल छिंदवाड़ा जिले के चार विकासखंडों का चयन उद्योगों की स्थापना के लिए किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की मंशानुरूप सभी विधानसभाओं में औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना को लेकर गत दिनों सांसद बंटी विवेक साहू ने औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग एवं एमएसएमई विभाग के अधिकारियों की बैठक लेते हुए छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा,चौरई,जुन्नारदेव एवं परासिया में औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना को लेकर विस्तार चर्चा करते हुए कार्ययोजना तैयार की।
बैठक के दौरान अधिकारियां ने सांसद बंटी विवेक साहू को बताया कि चारों विकासखंडों मे बीस एकड़ शासकीय भूमि चिन्हांकित कर उद्योगों की स्थापना की जायेगी। जिसके लिए शासन की ओर से आदेश प्राप्त हुए है। बैठक में सांसद श्री साहू ने अधिकारियों ने निर्देशित किया कि उद्योगों की स्थापना के लिए जल्द से जल्द उपयुक्त शासकीय भूमि की तलाश की जाकर प्रस्ताव शासन को भेजा जाए, जिससे की जल्द से जल्द ही चारों विकासखंडों में उद्योगों की स्थापना की शुरूआत हो सके।
सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि अमरवाड़ा, चौरई, जुन्नारदेव एवं परासिया में औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना के साथ ही उद्योगों के स्थापित होने से जहां क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे वहीं विकासखंड मुख्यालय का तीव्र गति से विकास भी हो सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की मंशा है कि हर बेरोजगार को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इसी मंशा को पूरा करने के लिए अब चारों विकासखंडों में जल्द ही उद्योगों की स्थापना हो सकेगी।