दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच रहे अधिकारी
स्वास्थ्य
24-Jul-26
दूध विक्रेताओं, डेयरियों एवं चिलिंग सेंटरों का नियमित हो रहा निरीक्षण

छिन्दवाडा
जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त दूध उपलब्ध कराने के लिए दूध विक्रेताओं, डेयरियों एवं चिलिंग सेंटरों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने आज छिंदवाड़ा शहर स्थित कुरई दुग्ध संकलन केंद्र से दूध के नमूने लिए। साथ ही हरदागढ़ एवं जुन्नारदेव क्षेत्र की डेयरियों का निरीक्षण कर वहां से भी दूध के नमूने एकत्रित किए । वहीं 23 जुलाई को छिंदवाड़ा शहर स्थित देव दूध डेयरी से मिश्रित दूध, खोया एवं दही के नमूने, गौरव डेयरी से मिक्स मिल्क के दो नमूने, कन्हर गांव स्थित अर्नव दूध डेयरी से दूध का नमूना तथा बोरगांव (सौंसर) स्थित नर्मदा दुग्ध संकलन केंद्र से दूध के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में यदि कोई नमूना निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। विभिन्न दूध डेयरियों, पनीर निर्माण इकाइयों एवं फुटकर विक्रेताओं पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। यदि किसी भी प्रतिष्ठान में मिलावटी अथवा अमानक दूध एवं दुग्ध उत्पादों का विक्रय पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक मानकों से संबंधित कमियां पाए जाने पर संबंधित संचालकों को सुधार सूचना भी जारी की गई।