अब स्कूल में ही बनेगी विद्यार्थियों के अपार आईडी
शिक्षा
04-Jun-26
30 जून तक प्रत्येक शनिवार को होगा ‘मेगा अपार दिवस’
छिन्दवाडा
जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र छिंदवाड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार जिले के समस्त विद्यालयों में मेगा अपार दिवस का आयोजन 01 जून से 30 जून तक प्रत्येक शनिवार को किया जाएगा। इन शिविरों में अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों के अभिभावकों को विद्यालय में आमंत्रित कर नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी। जिन बच्चों की किसी कारणवश शाला में अपार आईडी नहीं बन पाई है, उन बच्चों की सूची शालावार विकासखंडों से प्राप्त कर उनकी अपार आईडी जनरेट की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मेगा अपार दिवस में सभी विकासखंडों तथा संकुल/जनशिक्षकों को अपार आईडी निर्माण का लक्ष्य दिया गया है। जिन बच्चों के पास आधार कार्ड नहीं है, उनके आधार कार्ड बनवाकर अपार आईडी तैयार की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी पालकों से आव्हान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेगा अपार दिवस में उपस्थित होकर अपने बच्चों की अपार आईडी बनवाएं ताकि भविष्य में होने वाली शैक्षणिक परेशानियों से बचा जा सके।