मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
छिंदवाड़ा
21-Mar-26
छिंदवाड़ा
मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शनिवार को छिंदवाड़ा जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर विकास कार्यों का भूमिपूजन कर जिलेवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। मंत्री श्री पटेल द्वारा छिंदवाड़ा में जनपद पंचायत छिंदवाड़ा के “अटल सुशासन भवन (जनपद पंचायत भवन)” का, तहसील बिछुआ में जनपद पंचायत भवन बिछुआ तथा चौरई में जनपद पंचायत भवन चौरई का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संपन्न किया गया। इसके साथ ही चौरई विधानसभा क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवनों के निर्माण हेतु भी भूमिपूजन किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। भवन निर्माण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पंचायतों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है। इसके लिए पंचायतों की आय बढ़ाने, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी तक पंचायत भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां शासन द्वारा सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर भवन निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही पंचायत स्तर पर बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
चौरई विधायक सुजीत सिंह चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि चौरई एवं बिछुआ में जनपद पंचायत भवनों तथा चौरई विधानसभा क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवनों के निर्माण से क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने इसके लिए मंत्री श्री पटेल का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
जिला पंचायत छिंदवाड़ा अध्यक्ष संजय पुन्हार ने कहा कि जिले में पंचायत स्तर पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने मंत्री श्री पटेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिलेवासियों को इन विकास कार्यों के लिए बधाई दी। प्रवास के अंत में मंत्री श्री पटेल सिवनी रोड स्थित सिहोरामाल में आयोजित सहस्त्र चंडी महायज्ञ कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर क्षेत्र की खुशहाली और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान महापौर नगर निगम छिंदवाड़ा विक्रम अहके, पूर्व विधायक चौरई पंडित रमेश दुबे, भारिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दिनेश अंगारिया, विजय पांडे, अजय सक्सेना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन व एसडीएम चौरई प्रभात मिश्रा और संबंधित सीईओ जनपद सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।