उत्तराधिकार में प्राप्त झूठ, भ्रम और परिवारवाद की राजनीति कर रहे नकुलनाथ: शेषराव यादव
छिंदवाड़ा
22-Mar-26
छिंदवाड़ा
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने पूर्व सांसद नकुलनाथ के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता हताशा और निराशा में झूठ का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक छिंदवाड़ा को परिवारवाद और सीमित विकास की राजनीति में जकड़े रखा, आज वही जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।
किसानों के लिए किए ऐतिहासिक कार्य
शेषराव यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के हित में ऐतिहासिक कार्य किए हैं चाहे वह प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि हो, सिंचाई योजनाओं का विस्तार हो या न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि। इसके विपरीत कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में किसानों को सिर्फ कर्जमाफी के झूठे सपने दिखाए और उन्हें धोखा दिया।

युवाओं को उपलब्ध कराएं बेहतर अवसर
उन्होंने युवाओं के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। स्वरोजगार योजनाएं, स्टार्टअप को बढ़ावा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। कांग्रेस के समय केवल वादे हुए, जबकि भाजपा ने धरातल पर काम करके दिखाया।
महिलाओं को दिलाया समाज में सम्मान
महिलाओं के सम्मान पर उठाए गए सवालों को खारिज करते हुए शेषराव यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उज्ज्वला योजना, लाड़ली बहना योजना जैसी पहल के साथ-साथ हर घर में शौचालय बनवाकर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की करोड़ों महिलाओं को गरिमा के साथ जीवन जीने का अवसर मिला है। कांग्रेस को महिलाओं की चिंता तब क्यों नहीं हुई जब उनके शासनकाल में ये बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं?
परिवार वाद पर टिकी है कांग्रेस
शेषराव यादव ने कहा कि असल में कांग्रेस का पूरा राजनीतिक आधार ही परिवारवाद पर टिका हुआ है। छिंदवाड़ा को वर्षों तक एक ही परिवार की जागीर बनाकर रखा गया, जिससे क्षेत्र का संतुलित विकास बाधित हुआ। आज जब भाजपा विकास की नई इबारत लिख रही है, तो कांग्रेस के नेता बौखलाहट में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। अंत में उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा की जागरूक जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और झूठ फैलाने वालों को लोकसभा चुनाव में 1 लाख 13 हजार से ज्यादा वोटो से मुंहतोड़ जवाब दे चुकी है और आगे के चुनावों में भी देने के लिए तैयार है। भाजपा विकास, विश्वास और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ती रहेगी।