मटेरियल सप्लायर्स ने की सांसद और कलेक्टर के साथ बैठक
छिंदवाड़ा
05-Mar-26
रायल्टी का समय बढ़ाने सहित अनेक समस्याओं की रखी मांग
छिन्दवाड़ा
कलेक्ट्रेड कार्यालय छिन्दवाड़ा में सांसद बंटी विवेक साहू की प्रमुख उपस्थिति में मटेरियल सप्लायर्स की मांगों और समस्याओं को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर हरेन्द्र नारायण की मौजूदगी में संपन्न हुई बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू ने कलेक्टर के समक्ष मटेरियल सप्लायर्स की व्यवहारिक मांगे एवं उनकी समस्याएं प्रमुखता से रखी। इस दौरान मटेरियल सप्लायर्स ने भी कलेक्टर को अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया।

बैठक के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने मटेरियल सप्लाई के दौरान दी जाने वाली रायल्टी और नियम विरूद्ध की जा रही कार्यवाही को लेकर मटेरियल सप्लायर्स का दर्द रखा। बैठक में मटेरियल सप्लायर्स ने भी अपनी समस्याओं और मांगों से कलेक्टर को अवगत कराया। मटेरियल सप्लायर्स ने कलेक्टर को बताया कि रायल्टी जारी होने के दौरान उन्हें दिया जाने वाला समय नियमानुसार काफी कम है। साथ ही अधिकारियों द्वारा नियम विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। बैठक में सांसद श्री साहू ने कहा कि मटेरियल सप्लायर्स के खिलाफ में नियमानुसार कार्यवाही की जाए, यदि कोई भी मटेरियल सप्लायर्स नियम के खिलाफ कार्य करता है तो उसके विरूद्ध कठौर कार्यवाही भी होनी चाहिए। लेकिन यदि वह नियम में रहते हुए कार्य कर रहा है तो नियमानुसार कार्यवाही होनी चाहिए।
इस दौरान कलेक्टर ने मटेरियल सप्लायर्स की मांगों और समस्याओं को सुनते हुए खनिज अधिकारी को निर्देश दिए की रायल्टी का टाइम बढ़ाने के लिए उनकी ओर से शासन को पत्र लिखा जाए। कलेक्टर ने खनिज अधिकारी को कार्यवाही के दौरान मटेरियल सप्लायर्स का पक्ष भी गंभीरतापूर्वक सुनकर और उसकी जांच के उपरांत ही कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कहा। बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू ने भी मटेरियल सप्लायर्स की मांगों और समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराते हुए इस पर विचार करने और मटेरियल सप्लायर्स को सहयोग प्रदान करने के लिए कहा। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता टीकाराम चंद्रवंशी, नवीन बारस्कर, रोहित पोफली, अलकेश लांबा, पप्पू ठाकुर, जितेन्द्र राय सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में मटेरियल सप्लायर्स उपस्थित थे।