Home News Helpline Classified Jobs About Contact

छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर बनेगा मराठा समाज भवन

छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर बनेगा मराठा समाज भवन
राजनीति
25-Oct-26
सांसद बंटी विवेक साहू ने किया सामाजिक भवन का किया भूमिपूजन  

छिंदवाड़ा अपडेट

जिला क्षत्रिय मराठा समाज के प्रस्तावित छत्रपति शिवाजी महाराज सामाजिक भवन का भूमिपूजन एवं शिलान्यास रविवार को नागपुर रोड स्थित ग्राम सर्रा के वार्ड क्रमांक 35 में सीवरेज प्लांट के समीप किया गया। सांसद बंटी विवेक साहू ने विधिवत भूमिपूजन कर भवन निर्माण की आधारशिला रखी। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया और सांसद को छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा भेंट की।  

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर मराठा समाज का सामाजिक भवन बनेगा। उन्होंने कहा कि मराठा समाज लंबे समय से छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर सामाजिक भवन निर्माण की मांग कर रहा था। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पूर्व उन्होंने भवन निर्माण के लिए राशि उपलब्ध कराने का वादा किया था, जिसे पूरा किया है। सांसद बंटी विवेक साहू ने मराठा समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए सांसद निधि से 15 लाख दिए है। इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि सामाजिक गतिविधियों और सार्वजनिक आयोजनों के लिए भवन की आवश्यकता होती है, उक्त भवन के निर्माण से यह कमी भी पूरी हो सकेगी। उन्होंने समाज के लोगों से भी भवन निर्माण के लिए सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि भव्य सामाजिक भवन का निर्माण हो सके।

इस अवसर पर मराठा समाज के अध्यक्ष प्रवीण काटकर ने कहा कि सामाजिक भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कार और भावी पीढिय़ों के लिए मजबूत आधार होगा। यह भवन सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनने के साथ ही विभिन्न सामाजिक गतिविधियों और आयोजनों का केंद्र भी बनेगा। कार्यक्रम में मंच संचालन समाज के संरक्षक सुनील बनारसे ने किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता जगेन्द्र अल्डक, राजू नरोटे, रिजवान कुरैशी, समाज के पूर्व अध्यक्ष दीपक मोहिते, अनिल सोनोने, आलोक चौधरी, प्रवीण मराठा, सुनील निंबालकर, राकेश मानमोडे, प्रशांत गायकवाड़, भावना बनारसे सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य और महिलाएं उपस्थित रहीं।
Share News On