29 जुलाई को जिले में मनाया जाएगा महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व
शिक्षा
27-Jul-26
कलेक्टर ने दिए सभी विभागों एवं शिक्षण संस्थाओं में आयोजन के निर्देश

छिन्दवाडा
राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जिले में महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने जिले के सभी संबंधित विभागों, शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, पॉलीटेक्निक कॉलेजों तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में गरिमापूर्ण एवं जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व का उद्देश्य गुरु की महिमा का स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को अज्ञान से ज्ञान और अंधकार से प्रकाश की ओर अग्रसर करने की भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान करना है। इस अवसर पर शिक्षण संस्थानों में माँ सरस्वती एवं महर्षि सांदीपनि के चित्र पर माल्यार्पण, सरस्वती वंदना, गुरुजनों का स्वागत एवं सम्मान, व्याख्यान, उद्बोधन, छात्र-शिक्षक संवाद तथा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा महर्षि सांदीपनि के जीवन पर आधारित ई-एल्बम, बुकलेट एवं मानक चित्र उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की 64 कलाओं एवं 14 विद्याओं पर आधारित भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के संबंध में भी विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की जाएगी।
कलेक्टर श्री नारायन ने आमजन से भी अपने शैक्षणिक एवं आध्यात्मिक गुरुजनों के सम्मान में उनके नाम से छात्रवृत्ति, पदक एवं पुरस्कार स्थापित करने, पौधरोपण, स्वास्थ्य शिविर जैसे सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रमों का सफल आयोजन करने तथा आयोजन के फोटोग्राफ, वीडियो एवं समाचारों का समुचित दस्तावेजीकरण करने के निर्देश दिए हैं।