Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

सेवारत शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ 18 जून को सौंपेगा ज्ञापन

सेवारत शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ 18 जून को सौंपेगा ज्ञापन
छिंदवाड़ा
13-Jun-26
छिन्दवाड़ा 

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ जो 56 वर्षों से स्थापित, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ दिल्ली से सम्बद्ध, राष्ट्र, शिक्षा, छात्र एवं शिक्षक हित में काम करने वाला संगठन शासन से मान्यता प्राप्त है ।
संगठन के प्रदेश सह संगठन मंत्री नंदकुमार शुक्ला ने बताया कि विगत दिवस संगठन की राज्य स्तरीय प्रेस वार्ता में संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर जी एवं प्रदेश महामंत्री राकेश गुप्ता  द्वारा जानकारी दी गई कि 29 मई 2026 को माननीय सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्णय अनुसार समस्त शिक्षकों को जो कक्षा 1 से 8 तक कक्षाओं में अध्यापन करा रहें हैं, उन्हें पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी, के संबंध में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ 18 जून 2026 को महासंघ के आव्हान पर प्रदेश में जिला स्तर पर कलेक्टर के माध्यम से देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के नाम ज्ञापन सौंपेगा ।

ज्ञापन में सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा पारित निर्णय से उत्पन्न परिस्थितियां, जिसके कारण वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के सेवाहितों एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका से अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ प्रदेश के डेढ़ लाख ही नहीं अपितु देश के 20 लाख से अधिक शिक्षकों के हितों और उनके परिजनों की चिंता को ध्यान में रखकर भारत सरकार से आग्रह करेंगे कि विधिवत सम्पन्न नियुक्तियों तथा अर्जित सेवा अधिकारों पर बाद में निर्मित पात्रता मानदंडों को लागू करना प्राकृतिक न्याय एवं समानता तथा विधिक निश्चितता के सिद्धांतों के विपरीत है। 

माननीय सर्वाेच्च न्यायालय ने 29 मई 2026 को पुर्नविचार याचिकाओं का निस्तारण करते हुए एक सितम्बर 2025 के हुए निर्णय को यथावत रखा है। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ प्रधानमंत्रीनरेन्द्र मोदी एवं  शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से आग्रह करेगा कि वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों की नियुक्तियां वैध मानकर इसी मानसून सत्र में संसद में विधेयक लाकर 23 अगस्त 2010 की अधिसूचना में संशोधन कर माननीय सर्वाेच्च न्यायालय को अवगत करावे ताकि प्रदेश एवं देश के लाखों शिक्षक-शिक्षिकाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके ।

मध्यप्रदेश शिक्षक संघ संभागीय सह संगठन मंत्री शशिकुमार तिवारी, संभागाध्यक्ष तोरनलाल परतेती, जिलाध्यक्ष संजय नागदवने, जिला सचिव प्रदीप सूर्यवंशी, जिला कोषाध्यक्ष वसंत शक्रवार, संगठन मंत्री वीरेन्द्र सोलंकी, जिला मीडिया प्रभारी दीपक साहू तथा जिला एवं समस्त ब्लॉक/तहसील/नगर कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारियों एवम सदस्यों ने सभी शिक्षकों से आव्हान किया है कि 18 जून को अधिक से अधिक संख्या में एकत्र होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं
Share News On