Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

विकसित और शक्तिशाली भारत निर्माण का संकल्प लेकर आगे बढ़ें: मोहन नागर

विकसित और शक्तिशाली भारत निर्माण का संकल्प लेकर आगे बढ़ें: मोहन नागर
राजनीति
13-Jun-26
भाजपा का प्रबुद्धजन विकसित भारत संकल्प सम्मेलन संपन्न

छिंदवाड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे 12 साल विकास के, विश्वास के एवं जनकल्याण के अभियान के अंतर्गत शनिवार को शांतिनाथ लॉन में प्रबुद्धजन विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन पद्मश्री सम्मानित वरिष्ठ चिंतक एवं समाजसेवी मोहन नागर, भाजपा जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, प्रतिष्ठित व्यापारी एवं समाजसेवी सुरेश अग्रवाल, डॉ पूरन  राजालानी, अनाज व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रतीक शुक्ला, समाजसेवी श्रीमती किरण सोनी एवं श्रीमती आराधना शुक्ला के आतिथ्य में संपन्न हुआ।

मुख्य वक्ता पद्मश्री मोहन नागर ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व उसी राष्ट्र के विचारों को स्वीकार करता है, जो शक्तिशाली होता है। भारत का मूल विचार सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः अर्थात सभी के कल्याण का है। उन्होंने कहा कि भारत के इस विचार को विश्व तभी स्वीकार करेगा, जब भारत हर क्षेत्र में शक्तिशाली और आत्मनिर्भर बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों का कालखंड विकसित और समर्थ भारत की मजबूत नींव रखने का कालखंड रहा है।

उन्होंने कहा कि धारा 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में शांति, विकास और पर्यटन को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश दंगा मुक्त, आत्मनिर्भर और समरस भारत की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे पंच परिवर्तन के सारथी बनते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक क्षेत्र में विकास की गंगा प्रवाहित हुई है और 140 करोड़ देशवासियों का विश्वास भाजपा सरकार के साथ जुड़ा है। विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में डिजिटल इंडिया और ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था ने भारत को विश्व में अग्रणी बनाया है। रक्षा क्षेत्र में आज भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और स्वदेशी रक्षा उपकरणों का निर्माण कर रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के विकास, विश्वास और जनकल्याणकारी कार्यों के कारण भारत विश्व पटल पर एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि भारत अब मांगने वाला नहीं, बल्कि दुनिया को दिशा देने वाला देश बन चुका है और वैश्विक मंच पर उसकी भूमिका निरंतर सशक्त हो रही है।

कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक नीरज भारद्वाज ने किया तथा  कार्यक्रम टोली के सहसंयोजक प्रमोद शर्मा ने उपस्थित प्रबुद्धजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिले के प्रबुद्धजन, प्रतिष्ठित व्यापारी, उद्योगपति, चिकित्सक, अधिवक्ता, शिक्षाविद, समाजसेवी, मातृशक्ति, युवा वर्ग सहित आयोजक टोली के सह संयोजक  श्रीमती वंदना विश्वकर्मा, वीरेंद्र मालवी, विजेंद्र चौहान, राहुल बंटी उइके,  निन्ना शुक्ला  सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Share News On