Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

मतदाता सूची का शुद्धिकरण चुनाव प्रक्रिया की मजबूती का आधार: अरुण पाण्डेय

मतदाता सूची का शुद्धिकरण चुनाव प्रक्रिया की मजबूती का आधार: अरुण पाण्डेय
छिंदवाड़ा
13-Jun-26

फोटोयुक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की समीक्षा बैठक संपन्न

छिन्दवाडा 

नगरीय निकायों एवं पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम वर्ष 2026 के अंतर्गत आज कलेक्टर कार्यालय छिन्दवाड़ा के मिनी सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगरीय निकायों एवं पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के लिए नियुक्त प्रेक्षक अरुण पाण्डेय (आईएएस रिटायर्ड) ने की।

बैठक में कलेक्टर हरेंद्र नारायन, सीईओ जिला पंचायत एवं प्रभारी कलेक्टर पांढुर्णा अग्रिम कुमार सहित छिदंवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) उपस्थित थे। बैठक में इंटरनेशनल मास्टर ट्रेनर प्रोफेसर पी.एन. सनेसर द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया एवं प्रगति के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि फोटोयुक्त मतदाता सूची का वार्षिक पुनरीक्षण कार्य दो चरणों में किया जा रहा है।

      प्रथम चरण में कंट्रोल टेबल का सत्यापन, अद्यतीकरण एवं प्रारूप मतदाता सूची तैयार करने की कार्यवाही 30 अप्रैल से 18 मई 2026 तक पूर्ण की जा चुकी है। द्वितीय चरण में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त कर उनका निराकरण तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया 15 मई से 22 जुलाई 2026 तक चलेगी। बैठक में निकायवार एवं पंचायतवार मतदान केंद्रों की स्थिति, मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की भी समीक्षा की गई।

प्रेक्षक अरुण पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में विशेष सावधानी बरती जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची जितनी अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित होगी, निर्वाचन प्रक्रिया उतनी ही सुचारू एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न होगी। उन्होंने जिले में किए जा रहे पुनरीक्षण कार्य की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री नारायन ने जिलेवासियों से की अपील- मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छिंदवाड़ा जिले के नगर निगम सहित समस्त नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपित करने एवं संशोधन करने हेतु दावा-आपत्ति प्रक्रिया 15 जून 2026 तक संचालित की जा रही है।

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है, तो संबंधित वार्ड के प्राधिकृत अधिकारी/बीएलओ से संपर्क कर आवेदन प्रस्तुत करें। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी एम.पी. लोकल इलेक्शन की वेबसाइट के माध्यम से नाम जोड़ने, विलोपित करने एवं संशोधन हेतु आवेदन कर सकते हैं।
Share News On