श्रवण एवं वाक् बाधितों के लिए आयोजित शिविर में 61 लोगों ने लिया भाग
छिंदवाड़ा
13-Jun-26
छिंदवाड़ा
श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों को उनके विधिक अधिकारों, उपलब्ध कल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर द्वारा प्रदेशव्यापी विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन ए.डी.आर. भवन, जिला न्यायालय परिसर छिंदवाड़ा में किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा सुशांत हुद्दार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति, म.प्र. उच्च न्यायालय जबलपुर विवेक रूसिया द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा के सचिव राकेश सिंह ने बताया कि शिविर में उपस्थित श्रवण एवं वाक् बाधित प्रतिभागियों को ऑनलाइन माध्यम से अनुज सक्सेना, वरिष्ठ प्रशिक्षण मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति द्वारा मध्यस्थता के माध्यम से बाधाओं को दूर करने तथा श्रवण एवं वाक् बाधित समुदाय के लिए समावेशी एवं सुलभ विवाद समाधान संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में अजय खेमारिया, दिव्यांगजन आयुक्त, म.प्र. शासन द्वारा श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं डॉ. पराग जैन, योग विशेषज्ञ एवं मनोवैज्ञानिक ने योग और मानव विज्ञान के माध्यम से तनाव प्रबंधन, भावनात्मक स्वास्थ्य तथा आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय बताए। म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव सुश्री सुमन श्रीवास्तव ने दिव्यांग व्यक्तियों के लिए कानूनी सहायता, विधिक सेवाओं एवं सशक्तिकरण विषय पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम के अंत में गुरमीत सिंह लांबा, वरिष्ठ सलाहकार, किशोर न्याय समिति, म.प्र. उच्च न्यायालय तथा सुश्री वी. करूणा राव, कार्यक्रम समन्वयक, किशोर न्याय समिति, म.प्र. उच्च न्यायालय जबलपुर द्वारा प्रतिभागियों के लिए संवादात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई। शिविर में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले से कुल 61 श्रवण एवं वाक् बाधित प्रतिभागियों तथा उनके परिजनों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर ए.डी.आर. भवन, जिला न्यायालय छिंदवाड़ा में सुधीर मिश्रा, विशेष न्यायाधीश एट्रोसिटी छिंदवाड़ा, जिला न्यायाधीश प्रेमपाल सिंह ठाकुर, श्रीमती तृप्ति पाण्डेय, संकर्षण प्रसाद पाण्डेय, अभिषेक नागराज तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सुश्री अंजली शाह, गोपाल जाटव एवं पंकज बूटानी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।