Home News Helpline Classified Jobs About Contact

विदेशी भाषाओं के ज्ञान से खुलेंगे वैश्विक शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर

विदेशी भाषाओं के ज्ञान से खुलेंगे वैश्विक शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर
शिक्षा
03-Nov-26
विद्यार्थियों को दी गई विदेशी भाषाओं के महत्व की जानकारी

छिंदवाड़ा अपडेट

आयुक्त, तकनीकी शिक्षा के निर्देशानुसार एवं प्राचार्य डॉ. आलोक यादव के मार्गदर्शन में इंदिरा गांधी शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में आज विदेशी भाषाओं के महत्व एवं उनके सीखने से मिलने वाले लाभों के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में सुभाष पहल की नोडल अधिकारी श्रीमती नीलम खासकलम ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न विदेशी भाषाओं के महत्व, उनकी उपयोगिता तथा भविष्य में उपलब्ध शैक्षणिक एवं रोजगार संबंधी संभावनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि वर्तमान वैश्विक परिवेश में विदेशी भाषाओं का ज्ञान विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल सकता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विदेशी भाषाएं सीखने के लिए उपलब्ध विभिन्न मोबाइल ऐप की जानकारी दी गई। विशेष रूप से Duolingo ऐप के उपयोग, उसकी प्रमुख विशेषताओं एवं भाषा सीखने की सरल और रोचक प्रक्रिया से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को अपने मोबाइल फोन में Duolingo ऐप डाउनलोड कर फ्रेंच, जर्मन, जापानी सहित अन्य विदेशी भाषाओं का नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया गया।

श्रीमती नीलम खासकलम ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में उपयोग किए जाने वाले कुछ महत्वपूर्ण विदेशी भाषा के शब्दों एवं वाक्यांशों की जानकारी भी दी। इसके साथ ही क्विज एवं प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी जानकारी एवं भाषा संबंधी समझ का प्रदर्शन किया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विदेशी भाषाओं के प्रति रुचि एवं जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें वैश्विक स्तर पर उपलब्ध उच्च शिक्षा, रोजगार एवं करियर के नए अवसरों के लिए तैयार करना था। यह पहल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, भाषा कौशल एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Share News On