खंसवाड़ा लूटकांड का खुलासा: 5.25 लाख के जेवर बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
क्राइम
04-Apr-26
छिंदवाड़ा
जिले में 26 जनवरी 2026 को हुए लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5,25,000 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं।
क्या है मामला
26 जनवरी 2026 को ओमचंद सोनी (70 वर्ष), निवासी गांगीवाड़ा, खंसवाड़ा साप्ताहिक बाजार से सोना-चांदी का सामान लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन पर हमला कर उनका बैग लूट लिया। इस घटना पर थाना देहात में अपराध क्रमांक 50/26 के तहत धारा 309(6) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें शामिल हैं: शेखर उर्फ केकू उर्फ मोन्टू (22), निवासी बसोड़ी मोहल्ला, चांदामेटा, राकेश (23), निवासी बसोड़ी मोहल्ला, चांदामेटा, सैफुल (20), निवासी मंगली बाजार, चांदामेटा, शिवम उर्फ छोटू (28), निवासी बसोड़ी मोहल्ला, चांदामेटा । इस मामले में पूर्व में 5 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी शेखर पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवर जब्त किए हैं, जिनमें 2 सोने की अंगूठियां, 9 मंगलसूत्र पत्ती, 2 पेंडल, 28 लोंग, 13 दाने, 31 चांदी की बिछिया, 4 पायल, 1 चूड़ा, 50 पेंच और 7 चेन शामिल हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक जी.एस. राजपूत के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दुर्गेश तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक संदीप राजपूत, नितेश ठाकुर सहित पुलिस और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।