Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

सिलेंडर बुकिंग किसी और की डिलेवरी किसी और को

सिलेंडर बुकिंग किसी और की डिलेवरी किसी और को
छिंदवाड़ा
04-Apr-26
गैस एजेसियां और डिलेवरी बॉय कर रहे धांधली

छिंदवाड़ा

गैस की कमी से जूझ रही जनता की समस्याओं को और बढ़ाया है गैस एजेंसियों और डिलेवरी करने वाले कर्मचारियों ने। चंद पैसों के लालच में ये लोग बुकिंग वाले सिलेंडर किसी और को दे रहे हैं। शहर में कई लोगों को 15-20 दिन तो कईयों को दो-तीन महिनों तक में सिलेंडर डिलेवरी की जा रही है। ऐसा ही कुछ मामला नाहर गैस एजेंसी के सामने हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार गुरैया रोड बजरंग नगर के रहने वाले लवकुश सोनी के घर बुकिंग करने के बाद भी 5 माह से सिलेंडर घर नहीं पहुंचा तो युवक खुद ही गैस एजेंसी सिलेंडर लेने पहुंचा। यहां भी उसे गैस एजेसी के कर्मचारियों द्वारा टालामटोली की जाने लगी तो वह नाराज हो गया और उसने हंगामा कर दिया। युवक का कहना था कि 5 महीनों से उसके घर सिलेंडर नहीं पहुंचा है जबकि उसके मोबाईल में उसके नाम पर लगातार गैस डिलेवरी दिखाई जा रही है। उसने बताया कि बिना ओटीपी के ही उसके नाम का सिलेंडर अन्य व्यक्तियों को वितरित किए जा रहे हैं। 

ऐसा ही मामला भारत गैस एजेंसी प्रीति इंटरप्राइजेस में भी देखने में आ रहा है। यहां के कर्मचारियों द्वारा भी गैस संकट के पूर्व से ही ऐसा किया जा रहा है। यहां भी गैस बुकिंग और डिलेवरी के सारे दावे झूठे साबित हो रहे हैं। गैस संकट के पूर्व नियमानुसार गैस बुकिंग के तीन दिनों के अंदर सिलेंडर डिलेवर होना चाहिए लेकिन एक-एक महिने तक लोगों को सिलेंडर के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। गैस संकट के बाद तो यह समस्या और बढ़ गई जिनके घरों में सिलेंडर की डिलेवरी नहीं हो रही है और उनके घर सिलेंडर खत्म हो गया तो ऐसे लोग गैस सिलेंडर के लिए गोदाम जा रहे हैं तब जाके सिलेंडर मिल रहा है।

10 से 50 रूपए तक ज्यादा वसूल रहे डिलेवरी कर्मचारी

लोगों ने बताया कि घर पहुंच सेवा हो या फिर गैस गोदाम से सिलेंडर लेना हो जब तक आप 50 से 100 रूपए अतिरिक्त खर्च नहीं करेंगे आपको गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा। गैस एजेंसी के कर्मचारी कोई भी बहाना बनाकर सिलेंडर की डिलेवरी देने से मना कर देते हैं। पिछले दिनों खाद्य विभाग के अधिकारियों ने नाहर गैस एजेंसी का अचानक निरीक्षण कर औपचारिकता पूर्ण कर ली जबकि हजारों लोग गैस सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे हैं। 

Share News On