स्कूलों में स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
छिंदवाड़ा
10-Jul-26
जनपद सीईओ ने ली वॉश ऑन व्हील्स एवं वॉश ऑन व्हील्स प्लस कार्यशाला
छिन्दवाडा
जिला पंचायत छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार की अध्यक्षता में विगत दिवस वॉश ऑन व्हील्स एवं वॉश ऑन व्हील्स प्लस अभियान पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जिले के शासकीय विद्यालयों में शौचालयों एवं पेयजल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई, सुरक्षित जल उपलब्धता तथा बच्चों के लिए स्वच्छ एवं स्वास्थ्यवर्धक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना रहा।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में अभियान से जुड़े 58 स्वच्छता साथियों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण (हेल्थ चेकअप) शिविर आयोजित किया गया। द्वितीय सत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, जल जीवन मिशन, आदिम जाति कल्याण विभाग, जिला शिक्षा विभाग, बीईओ, बीआरसी, स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक समन्वयक एवं सभी जनपदों के संबंधित अधिकारी तथा स्वच्छता साथी उपस्थित थे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार ने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छ शौचालय, सुरक्षित पेयजल और नियमित सफाई बच्चों के स्वास्थ्य एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विद्यालयों में शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, ओवरहेड पानी की टंकियों की समय-समय पर सफाई एवं क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार ने बताया कि संकुल प्राचार्य, जनशिक्षक एवं संबंधित अधिकारी नियमित एवं औचक निरीक्षण करेंगे तथा स्वयं भी विद्यालयों की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए बीआरसी एवं बीईओ को ऐसे विद्यालयों की सूची तैयार कर प्राथमिकता से सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में बीआरसी को स्वच्छता साथियों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर तत्काल जिला समन्वयक को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि संबंधित विद्यालय अथवा जिम्मेदार एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। कार्यशाला में सभी संबंधित विभागों ने विद्यालयों में स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल व्यवस्था को अभियान के रूप में संचालित करने तथा बच्चों के लिए स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।