Home News Helpline Classified Jobs About Contact

फायर स्टेशन निर्माण एवं सीवरेज परियोजना का निरीक्षण

फायर स्टेशन निर्माण एवं सीवरेज परियोजना का निरीक्षण
छिंदवाड़ा
14-Nov-26
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त ने ली बैठक

छिन्दवाडा अपडेट

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त एवं मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने प्रवास के दौरान विभिन्न नगरीय विकास एवं निर्माण कार्यों का जमीनी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत नगर निगम छिंदवाड़ा में कराए जा रहे फायर स्टेशन निर्माण कार्य का अवलोकन किया तथा निर्माण की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने विश्व बैंक सहायतित सीवरेज परियोजना के तहत निर्मित मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली और संधारण व्यवस्था का जायजा लिया तथा नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के उपरांत स्थानीय स्तर पर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में आयुक्त संकेत भोंडवे ने नगरीय निकायों के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कई कड़े एवं महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। बैठक में रॉ वाटर ग्रेविटी पाइप लाइन विस्तार कार्य में सुस्ती बरतने पर जियो मिलर कंपनी को 15 दिवस का अल्टीमेटम दिया गया तथा यह स्पष्ट किया गया कि यदि निर्धारित 15 दिनों में कार्य समाप्त नहीं होता है, तो कंपनी की बैंक गारंटी राजसात करते हुए अनुबंध समाप्त (टर्मिनेट) कर दिया जाए। इसके साथ ही अमृत 2.0 के तहत चल रहे सीवरेज कार्यों को आगामी 2 माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए तथा मैनहोल निर्माण में केवल प्रीकास्ट का ही उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया।

पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए निकायों में उपयोग किए जाने वाले टैंकरों की कलर कोडिंग करने के निर्देश दिए गए, जिसके तहत शुद्ध पेयजल के लिए नीला और अन्य उपयोगी पानी के लिए पीला टैंकर रखा जाएगा। सप्लाई किए जाने वाले पानी का समय-समय पर अनिवार्य रूप से लैब परीक्षण कराने तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को जल वितरण की मात्रा का निर्धारण करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही बोर एवं नलकूपों का समय-समय पर ऑडिट कराने तथा आवश्यकतानुसार निजी कुओं व बोरवेल के अधिग्रहण जैसे उपाय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में बी.एल.सी. 1.0 की किश्त की राशि की डिमांड भेजने तथा नगर निगम में आगामी समय में ए.एच.पी. प्रोजेक्ट निर्मित करने के निर्देश दिए गए। ए.एच.पी. योजना के तहत एल.आई.जी. , एम.आई.जी. और ई.डब्ल्यू.एस. का प्लान तैयार कर भवन की ऊँचाई बढ़ाने, शासकीय कार्यालयों व व्यावसायिक निर्माणों को शामिल करने तथा 3 का एफ.ए.आर. लेने के निर्देश दिए। फायर स्टेशन के आसपास के वृक्षों को हटवाने और बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य आगामी 2 माह में पूर्ण करने को कहा गया। इसके अलावा, ट्रांसपोर्ट नगर का प्रोजेक्ट संचालनालय स्तर पर एम.पी.यू.डी.सी. को दिए जाने तथा बस टर्मिनल के कार्य को वर्तमान में होल्ड कर पुनः रिव्यू करने के बाद प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण और बैठक के दौरान मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के प्रमुख अभियंता आनंद सिंह, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के कार्यपालन यंत्री जीवेंद्र सिंह, नगर निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त सी.पी. राय, एम.पी.यू.डी.सी. के परियोजना प्रबंधक गोपाल गुप्ता सहित निगम और विभाग के अन्य अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
Share News On