प्रकृति और वृक्षों के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व का किया वर्णन
धर्म
14-Nov-26
मां नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ का चौथा दिन

छिंदवाड़ा अपडेट
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित मां नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन कथा वाचन करते हुए पंडित रविकांत शास्त्री ने प्रकृति, वृक्षों और सनातन संस्कृति के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वृक्ष प्रत्यक्ष देव स्वरूप हैं। पीपल में भगवान नारायण का वास है तो वट वृक्ष में भगवान शिव का स्वरूप विद्यमान है। आज लगातार कम होते वृक्ष चिंता का विषय हैं। हमें प्रकृति की पूजा केवल परंपरा के रूप में नहीं, बल्कि उसके संरक्षण के संकल्प के साथ करनी चाहिए।
पंडित रविकांत शास्त्री ने कहा कि बिल्व वृक्ष लगाना भगवान शिव को प्रसन्न करने का श्रेष्ठ माध्यम है। मान्यता है कि बिल्व का पौधा लगाकर उस पर एक लोटा जल अर्पित करने से एक हजार रुद्राभिषेक के समान पुण्य फल प्राप्त होता है। प्रत्येक घर के द्वार पर तुलसी का पौधा होना चाहिए, क्योंकि तुलसी घर की समृद्धि, सकारात्मकता और प्रसन्नता का आधार है।
उन्होंने कहा कि शास्त्रों में एक वृक्ष को दस सुसंस्कृत पुत्रों के समान बताया गया है। प्रकृति जब तक विकास और सृजन करती रहती है, तब तक मनुष्य उसकी शक्ति और महत्ता को समझ नहीं पाता, लेकिन जब प्रकृति विनाशकारी रूप दिखाती है, तब हमें उसकी अपार शक्ति का एहसास होता है। इसलिए प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलना और अधिक से अधिक वृक्ष लगाना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक ताराचंद बाबरिया, चौधरी चंद्रभान सिंह, आशीष ठाकुर, संजय पटेल, धर्मेंद्र मिगलानी, शंटी बेदी, अभिलाष गौहर, राहुल बंटी उइके, प्रमोद शर्मा, मनीष निर्मलकर, प्रशांत भरवाकर, कमल बाजपेयी, लवकेश यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।