उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों को दी गई कानूनी साक्षरता की जानकारी
शिक्षा
02-Nov-26
सुरक्षित बचपन अभियान अंतर्गत वाहन दुर्घटना के दुष्प्रभाव एवं यातायात नियमों की दी गई जानकारी

छिन्दवाडा अपडेट
“सुरक्षित बचपन अभियान” अंतर्गत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशांत हुददार के मार्गदर्शन में आज स्थानीय शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में कानूनी साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश सुधीर मिश्रा द्वारा बच्चों को वाहन दुर्घटना का परिवार एवं सदस्यों पर प्रभाव , ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट की कानूनी आवश्यकता, सामाजिक आयोजन और सड़क बाधा में हमारा कर्तव्य, ट्रैफिक रूल्स का पालन आदि विभिन्न विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संकर्षण प्रसाद पांडेय के निर्देशन में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी हेतु जिला विधिक सहायता अधिकारी सोमनाथ राय द्वारा बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराध, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण आदि विषयों पर कानूनी जानकारी दी गई। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका एवं मुफ्त कानूनी सहायता आदि की जानकारी भी प्रदान की गई। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य आर.के. साहू द्वारा कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। अंत में बच्चों को पॉक्सो कानून से संबंधित पंपलेट्स का वितरण किया गया।