भक्तों के उद्धार के लिए ही अवतार लेते हैं भगवान: महामंडलेश्वर नागेंद्र जी
छिंदवाड़ा
05-Sep-26
अनगढ़ हनुमान मंदिर में 51 वर्षों से जारी है कथा, धूमधाम से मना कृष्ण जन्मोत्सव

छिंदवाड़ा
कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्य डाकघर के सामने स्थित अनगढ़ हनुमान मंदिर में 51 वर्षों से आयोजित हो रही कथा के चौथे दिन भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर महामंडलेश्वर नागेंद्र ब्रह्मचारी जी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संगीतमय कथा का रसपान कराया।
गूंजा नंद घर आनंद भयो
कथा के दौरान जैसे ही नन्हें और प्यारे भगवान कृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल भक्ति में डूब गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों के साथ नाच-गाकर भगवान का जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान मिठाइयां बांटकर खुशियां मनाई गईं। पुण्य का महत्वरू महामंडलेश्वर नागेंद्र ब्रह्मचारी जी ने अपने प्रवचन में कहा कि मनुष्य के किए गए पुण्य कभी नष्ट नहीं होते। भगवान हमेशा अपने भक्तों के हित, उनके उद्धार और उनके कष्टों को हरने के लिए ही धरती पर अवतार लेते हैं।
चौथे दिन की कथा में मुख्य रूप से भक्त प्रहलाद की कथा, नर्मदा महिमा, भगवान नृसिंह और वामन अवतार का विस्तार से वर्णन किया गया। ब्रह्मचारी जी ने विट्ठल भगवान की महिमा के साथ-साथ श्री सीताराम जी के विवाह और उनके वनवास की सारगर्भित कथा भी श्रद्धालुओं को सुनाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। अंत में भगवान की महाआरती कर प्रसाद का वितरण किया गया।