सांसद के सार्थक प्रयासों का झूठा श्रेय लूटने की जुगत में कमलनाथ: सत्येंद्र ठाकुर
राजनीति
04-Sep-26
27 जुलाई को सांसद ने रेल मंत्री को रेल विस्तारीकरण और सुविधाएं मुहैया कराने सौंपा था मांगपत्र

छिंदवाड़ा
मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद जैसे जिम्मेदार पदों पर रहने के बाद भी छिंदवाड़ा पांढुरना के विकास की महज नौटंकी करने वाले वरिष्ठ नेता कमलनाथ का रवैया अब भी नहीं बदला है। आज भी वे पत्राचार की नौटंकी करने से बाज नहीं आ रहे। यह कहना है रेलवे के जेडआरयूसीसी मेंबर अधिवक्ता सत्येंद्र ठाकुर का। उन्होंने कहा है कि लंबे समय तक सांसद और केंद्रीय मंत्री रहने दौरान कमलनाथ छिंदवाड़ा व पांढुरना के विकास के बजाय सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने में व्यस्त रहे। जनता के सुख सुविधाएं उपलब्ध कराने की जगह अपने लिए ऐशो आराम और लग्ज़री के संसाधन जुटाने में लगे रहे। मुख्यमंत्री रहते हुए वे छिंदवाड़ा व पांढुरना के लिए बहुत कुछ कर सकते थे, जनता को बेहतर सुख सुविधाएं दिला सकते थे, लेकिन वे जमीन पर विकास आधारित कार्य करने की बजाय हवा में उड़ते रहे।
सिर्फ विकास का पीटते रहे ढिंढोरा
सत्येंद्र ठाकुर ने कहा कि कमलनाथ और उनके वेतन भोगी कांग्रेस नेता सिर्फ विकास का ढिंढोरा पीटते रहे, हैरत की बात है कि आज भी वे ढोल पीटने से बाज नहीं आ रहे। वहीं दूसरी तरफ संवेदनशील सांसद बंटी विवेक साहू ने महज़ दो वर्षों के कार्यकाल में छिंदवाड़ा पांढुरना को कई सौगाते दिला चुके हैं। रेल लाइन के मामले में अपने पूरे संसदीय और मंत्रित्व कार्यकाल में बुरी तरह नकारा साबित होने वाले कांग्रेस नेता कमलनाथ अपनी आदत के मुताबिक पत्र लिखने की नौटंकी कर हमेशा की तरह जनता को गुमराह करने की कुचेष्टा कर रहे हैं।
मानसून सत्र में सांसद बंटी विवेक साहू मिले थे रेल मंत्री से
रेलवे के जोनल सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र ठाकुर ने कहा कि सांसद बंटी विवेक साहू ने गत 27 जुलाई को मानसून सत्र के दौरान दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर रेल छिंदवाड़ा पांढुरना में रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने मांगपत्र सौंपा था। इस भेंट में ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छिंदवाड़ा पांढुरना के लिए सुविधाओं को उपलब्ध कराने सांसद बंटी विवेक साहू को आश्वस्त कर दिया था।
सांसद बंटी साहू के मांग पत्र पर हो रहे काम
जोनल सदस्य अधिवक्ता सत्येंद्र ठाकुर ने बताया कि सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा सौंपे गए मांगपत्र के आधार पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर रेल प्रशासन योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु कार्यवाही कर रहा है। जनप्रिय सांसद बंटी विवेक साहू की माँगो के परिपालन में रेलवे ने इसे कार्यान्वित करना प्रांरभ करना शुरू कर दिया है, और छिंदवाड़ा पांढुरना के लोगों को जल्द ही बेहतर सुविधाएं मुहैया हो जाएंगी, यह जानकारी जब कांग्रेस नेता कमलनाथ को मिली तो वे पत्र लिखने का स्वांग कर जनता को गुमराह करने का षड्यंत्र रचने लगे। सत्येंद्र ठाकुर ने कहा कि छिंदवाड़ा पांढुरना के विकास के लिए सतत प्रयत्नशील सांसद बंटी विवेक साहू के कार्यों पर कमलनाथ को धन्यवाद देना चाहिए कि इतने लंबे अरसे में जो काम वे नहीं कर पाए उसे सांसद बंटी विवेक साहू पूरी सक्रियता से कर दिन रात जनसेवा में जुटे हुए हैं, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ धन्यवाद देने के बजाय झूठा श्रेय लेने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।
सांसद बंटी विवेक साहू ने रेल मंत्री को दिया था मांगपत्र
श्री ठाकुर ने बताया कि सांसद श्री साहू द्वारा रेल मंत्री को सौंपे गए मांगपत्र में टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस छिंदवाड़ा तक विस्तारित, दादाधाम एक्सप्रेस का पुनः संचालन, चित्रकूट जबलपुर एक्सप्रेस का छिंदवाड़ा तक विस्तारीकरण, परासिया रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने, छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर-सागर नई रेल लाइन का निर्माण, पांढुरना-सौसर नई रेल लाइन का निर्माण, पांढुरना स्टेशन पर सभी यात्री गाड़ियों का नियमित ठहराव, इतवारी-नागपुर मेमू ट्रेन को जुन्नारदेव तक विस्तारित, आमला-छिंदवाड़ा रेलखंड का दोहरीकरण, स्वीकृत रेलवे ओवरब्रिजों का निर्माण कार्य, लोनिया-करबल अंडरब्रिज के दोनों ओर सीसी रोड एवं नाली निर्माण, चौरई और लोधीखेड़ा में एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव, रामबाग (छिंदवाड़ा) में रेलवे अंडरपास का निर्माण, छिंदवाड़ा से मुंबई के लिए सीधी रेल सेवा, छिंदवाड़ा से आमला तक डबल ट्रेक सहित अन्य मांगे एवं रेल विस्तारीकरण और छिंदवाड़ा पांढुरना के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं दिलाने की मांग रखी थी।
जमीन अधिग्रहण के बाद किसानों को सांसद बंटी साहू ने दिलाई थी नौकरी
रेलवे के जोनल सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र ठाकुर ने बताया कि छिंदवाड़ा नागपुर रेल लाइन विस्तारीकरण में जिन किसानों की जमीन अधिग्रहण की गई थी, कांग्रेस शासन काल में उनके परिवार के सदस्य नौकरी के लिए भटकते रहे, लेकिन कांग्रेस नेता कमलनाथ और उनकी चौकड़ी के नकारेपन की वजह से नौकरी नहीं मिल सकी। बाद में भाजपा के शासन काल में उन किसान परिवारों के सदस्यों को रेलवे में नौकरी सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से ही मिल पाई। उस समय छिंदवाड़ा के प्रभारी रहे केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के समक्ष सांसद बंटी विवेक साहू ने ही रेलवे के प्रावधान के मुताबिक किसान परिवार के सदस्य के लिए नौकरी का मुद्दा रखा था।