कमलनाथ की उद्देश्यपूर्ण सोच पर वाहवाही लूट रही भाजपा: कांग्रेस
राजनीति
28-Oct-26
परियोजना को 20 जुलाई 2025 को पूर्ण होना था वह आज भी अधूरी

छिन्दवाड़ा अपडेट
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी की उद्देश्यपूर्ण सोच और कार्य पर एक बार फिर पूरी भाजपा वाहवाही लूटने के लिए आमादा है। सांसद से लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष तक ऐसे तालियां पीट रहे हैं, जैसे इन्होंने या फिर इनकी सरकार ने ही सिंचाई परियोजना का खांका खींचा हो। मुख्यमंत्रीत्व कार्यालय में कमलनाथ जी ने वर्ष 2019 में इस बहुउद्देश्यीय परियोजना को मंजूरी दी, उसके ठीक बाद से भाजपा नेताओं ने विरोध प्रारंभ कर दिया था। आज वे सभी झूठी वाहवाही लूटने वालों की कतार में खड़े नजर आ रहे। जबकि सच्चाई यह है कि इस परियोजना में जनता के हित व लाभ को लेकर कुछ भी नया नहीं हुआ। उल्टे जनता को भारी नुकसान हुआ है। जिस परियोजना को 20 जुलाई 2025 में पूरा हो जाना था वह आज भी अधूरी है। उक्त उदगार शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सोनू मागो ने भाजपा सांसद और भाजपा जिला अध्यक्ष के वाहवाही लूटने वाले बयान पर पलटवार करते हुए व्यक्त किए।
2019 में कमलनाथ जी ने दिलाई थी मंजूरी
जारी बयान में श्री मागो ने आगे कहा कि वर्ष 2019 में कमलनाथ जी द्वारा मंजूर कन्हान सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना के लिए 5,500 करोड़ की राशि स्वीकृत की थी। छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के 625 से अधिक गांव की लगभग 2 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होती। किन्तु भाजपा ने षड्यंत्र कर कांग्रेस की सरकार गिरा दी और सत्ता में आई भाजपा ने सबसे पहले छिन्दवाड़ा जिले के विकास कार्यों पर रोक लगा दी। अगर यह परियोजना अपनी निर्धारित समय पर पूरी होती तो आज छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले की जनता को सूखे का सामना नहीं करना पड़ता।
पूरी भाजपा ने एक योजना और परियोजना नहीं दी
भाजपा सांसद और भाजपा जिला अध्यक्ष की बात तो दूर मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक ने छिन्दवाड़ा को ऐसी योजना और परियोजना नहीं दी जिससे सीधे तौर पर जनता लाभांवित हो रही हो। पूरी भाजपा सिर्फ और सिर्फ कमलनाथ जी की सार्थक सोच, जिले के विकास के लिए परियोजनाएं और योजनाओं पर काम करना और उन्हें जमीनी स्तर पर लागू करना जिससे सीधे तौर पर जनता लाभांवित होती है। माचागोरा जलाशय से लेकर, मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, रिंग रोड और तमाम उद्योग और स्किल सेन्टर इस बात का प्रमाण है कि माननीय कमलनाथ जी की उद्देश्यपूर्ण सोच के सामने पूरी भाजपा बौनी है। वह सिर्फ और सिर्फ माननीय कमलनाथ जी के विकास कार्यों पर तालियां पीट सकती है और झूठी वाहवाही लूट सकती है इससे आगे कोई सोच, समझ और उद्देश्य नहीं है।