प्लास्टिक पाईप फैक्ट्री में लगी आग, एक करोड़ से अधिक का नुकसान
छिंदवाड़ा
23-Jan-26
छिंदवाड़ा जिले के अलावा नागपुर से आई फायर ब्रिगेड ने बुझाई शाम तक आग
छिंदवाड़ा।
शुक्रवार दोपहर जिला मुख्यालय के औद्योगिक क्षेत्र इमलीखेड़ा प्लास्टिक पाइप बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। इसके पहले की आग पर काबू पाया जाता आग ने पूरी प्लास्टिक फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। खबर मिलते ही जिला मुख्यालय की फायर बिग्रेड के अलावा परासिया, बड़कुही, चौरई, चांद, बिछुआ, अमरवाड़ा की फायर बिग्रेड को बुलाया गया ताकि आग को जल्दी से जल्दी बुझाया जा सके।

आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा के दृष्टिकोण से खाली कराया गया। खबर लिखे जाने तक किसी भी जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने की सूचना मिलते ही एसडीएम सुधीर जैन, निगम आयुक्त सीपी राय, जोन प्रभारी विवेक चौहान मौके पर पहुंच गए थे। सभी अधिकारियों ने अपनी सूझबूझ से आस-पास के फैक्ट्री परिसरों को खाली कराया ताकि किसी भी जनहानि को रोका जा सके। बताया जा रहा है इस आग में फैक्ट्री में रखा कच्चा माल सहित करीब एक करोड़ रूपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
शाम तक आग बुझाने के होते रहे प्रयास
दोपहर लगभग 12 बजे लगी आग को बुझाने के प्रयास शाम 6 बजे तक होते रहे। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही घंटो में सारा कच्चा माल जलकर खाक हो गया था जबकि आग पर काबू ने के लिए छिंदवाड़ा, बड़कुही, चौरई, चांद, बिछुआ, अमरवाड़ा के अलावा नागपुर से भी फायर बिग्रेड बुलाई गई थी। इसके अलावा पानी के टैंकरों से भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया लेकिन रात होते-होते ही आग पर काबू पाया जा सका।
सही नुकसान का आंकलन बाकी
फैक्ट्री मालिक प्रकाश गुप्ता ने आशंका जताई कि आग लगने की वजह शार्ट सर्किट हो सकती है लेकिन कितना नुकसान हुआ इसके लिए समय लगेगा। उन्होंने लगभग एक करोड़ से अधिक का नुकसान होने का अनुमान जताया है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में आग लगने के बाद ऑफिस केबिन में रखी लगभग 40 लाख रूपए की नगदी को एक युवक ने अपनी जान पर खेलकर बचा लिया।