Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

कलेक्टर की संवेदनशील पहल से दिव्यांग को फिर से मिलेगी पेंशन

कलेक्टर की संवेदनशील पहल से दिव्यांग को फिर से मिलेगी पेंशन
छिंदवाड़ा
06-Jun-26
छिन्दवाडा

कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त एक दिव्यांग हितग्राही की समस्या का त्वरित निराकरण करते हुए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। जनसुनवाई के दौरान ग्राम रोहना निवासी 21 वर्षीय दिव्यांग युवती कु. शीतल विश्वकर्मा अपनी माता श्रीमती माया विश्वकर्मा एवं परिजनों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंची थीं। परिजनों द्वारा अवगत कराया गया कि आधार कार्ड अद्यतन नहीं होने के कारण उनकी दिव्यांगता पेंशन बंद हो गई थी, जिससे परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर हरेंद्र नारायन द्वारा तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। परीक्षण के दौरान पाया गया कि आधार कार्ड अद्यतन नहीं होने के कारण पेंशन भुगतान प्रभावित हुआ था। त्वरित समन्वय एवं प्रयासों के फलस्वरूप हितग्राही का आधार कार्ड नवीन मोबाइल नंबर एवं उपलब्ध बायोमेट्रिक विवरणों के साथ सफलतापूर्वक अद्यतन करा दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि श्रीमती शीतल विश्वकर्मा शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं तथा चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उनकी विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही की गई। आधार अद्यतन की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत उनकी पेंशन पुनः प्रारंभ कराने तथा शासन की अन्य पात्रतामूलक योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु भी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ सहजता से प्राप्त हो सके

Share News On