Home News Helpline Classified Jobs About Contact

गुरैया बजरंग नगर में चला नशा मुक्ति अभियान

गुरैया बजरंग नगर में चला नशा मुक्ति अभियान
छिंदवाड़ा
26-Jul-26
छिंदवाड़ा

"नशे से दूरी है जरूरी 2.0" नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना देहात पुलिस द्वारा रविवार को गुरैया बजरंग नगर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशे से दूर रहने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में भी बाधक बनता है। युवाओं एवं नागरिकों से जीवन में कभी भी किसी प्रकार का नशा न करने तथा अपने परिवार के सदस्यों को भी नशे से दूर रखने का आह्वान किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा हस्ताक्षर अभियान चलाकर उन्हें समाज और राष्ट्र को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत एवं सहायक उपनिरीक्षक नितेश ठाकुर सहित थाना देहात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करें।
Share News On