जिला अस्पताल परिसर में दिव्यांगों को अब नहीं लगेगा पार्किंग शुल्क
छिंदवाड़ा
01-Jun-26
छिंदवाड़ा
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ ने आज जिला अस्पताल में सिविल सर्जन के साथ बैठक लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में और रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त को लेकर चर्चा की। साथ ही प्रदेश सरकार के मुखिया और दिव्यांगो के कल्याण की सदैव चिंता करने वाले डॉ मोहन यादव द्वारा दिव्यांगों से पार्किंग शुल्क नहीं लेने तथा सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देशों की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दी।
दिव्यांगजनों से अस्पतालों में पार्किंग शुल्क न लिया जाए इस आशय के आदेश आयुक्त दिव्यांजन मध्यप्रदेश के माध्यम से जारी किए जा चुके हैं। डॉ कृष्ण हरजानी ने बताया कि हमारी टीम ने सिविल सर्जन से आग्रह किया कि कृपया सुनिश्चित करें कि इस आदेश का पूर्णतः पालन हो। जिस पर अपनी सम्मति देते हुए सिविल सर्जन डॉ दुबे ने आवश्यक निर्देश जारी कर दिए।
बैठक में डॉ कृष्ण हरजानी, डॉ हितेश मिश्रा, डॉ हर्षवर्धन कुड़पे और डॉ उदय पराड़कर शामिल हुए। डॉ हरजानी ने कहा कि रेडियोलॉजिस्ट न होने से मरीजों को काफी परेशानी हो रही है, इसकी नियुक्ति के बारे में शीघ्र ही वरिष्ठ नेताओं तथा सांसद से निवेदन किया जायेगा।