Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कांग्रेस ने चुटकी भर शक्कर बांटकर जताया महंगाई का विरोध

कांग्रेस ने चुटकी भर शक्कर बांटकर जताया महंगाई का विरोध
राजनीति
27-Aug-26
कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

छिन्दवाड़ा

भाजपा नीत देश की केन्द्र सरकार व मप्र की राज्य सरकार के द्वारा जनता पर थोपी गई महंगाई के विरोध में कांग्रेसजन सड़क पर उतरे। जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन व शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित हुआ। कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में महंगाई विरोधी तख्तियां हाथों में लेकर राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से रैली के रूप में निकले। शहर के मुख्य मार्गों व बाजार में आमजन के हाथों में एक चुटकी शक्कर रखकर महंगाई का विरोध किया। 

कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने जनता से कहा कि भाजपा सरकार के द्वारा शक्कर के बढ़ाए हुए दाम के बाद अब जीवन में सिर्फ इतनी ही मिठास शेष रह गई। भाजपा सरकार की अनीति के कारण घरों में मीठे खाद्य पदार्थ बनाने से पहले चिंतित होकर रसोई के बजट पर विचार कर रही है, क्योंकि केवल शक्कर ही नहीं बल्कि रसोई गैस, बिजली के दाम और पेट्रोल व डीजल की बढ़ी हुई कीमतें भी दम निकाल चुकी है। भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी मांगों का ज्ञापन राज्यपाल के नाम सौंपा और महंगाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।  

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष  विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि भाजपा सरकार की अनीति और जनविरोधी चेहरा जनता के सामने आ चुका है। पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ी हुई कीमतों के कारण आयात होने वाली सम्पूर्ण सामग्री महंगी हो चुकी है। आय और खर्च के बीच बड़ी असमानता उत्पन्न होने से मध्यम वर्ग परिवार अब गरीबी की ओर बढ़ रहा है। जनहित में भाजपा सरकार से ज्ञापन व प्रदर्शन के माध्यम से मांग की गई कि बढ़ती महंगाई को कम कर जनता को राहत दें, अन्यथा कांग्रेस बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने कहा कि हर घर की जरूरत शक्कर, रसोई गैस सिलेंडर और पेट्रोल व डीजल है। इनके दाम बढ़ने से जनता पर महंगाई का बोझ पड़ता है। त्योहार से ठीक पहले शक्कर के दाम बढ़ाना भाजपा सरकार की लूट नीति को उजागर कर रही है। भाजपा सरकार ने यह प्रण ले लिया कि वह जनता को महंगाई के उस पार लेकर जाएगी जहां आय से अधिक खर्च की नौबत आएगी। सरकार बढ़ती महंगाई को नियंत्रित करें, अन्यथा कांग्रेस जनता के साथ मिलकर पुनरू आंदोलन करेगी।

ब्लॉक मुख्यालयों पर भी हुआ विरोध प्रदर्शन

कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के विरोध और शक्कर के बढ़े हुए मूल्यों के खिलाफ समस्त ब्लॉक मुख्यालयों पर जमकर विरोध प्रदर्शन कर तत्काल महंगाई कम करने और सम्पूर्ण बढ़ी हुई कीमतों को वापिस लेने की मांग की। आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के अलावा आम जनता ने भी बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। छिन्दवाड़ा जिला मुख्यालय पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में गंगाप्रसाद तिवारी, सुरेश कपाले, पप्पू यादव, किरण चौधरी, सरला सिसोदिया श्रीवास्तव, चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह, अपेक्षा सूर्यवंशी, राजीव तिवारी, नितिन उपाध्याय, दीपा यादव, जाकिर परवेज, रिंकू नैय्यर, प्रबल सक्सेना, शैलू सेंगर, टिंकू राय, आशीष चौधरी, आरिफ ठाकुर, दिगम्बर ठाकरे, भैय्याजी शिवहरे, बबला पटेल, फिरोज खान, गुंजन शुक्ला, मुकेश उपाध्याय, संतोषी गजभिये, यास्मिन खान, ममता चोखे, अर्जुन बघेल, नारू सोनी, अम्बर दाढ़े, समन द्विवेदी, राहुल दुबे, बलराम चौहान, अरूण शर्मा, दीपक यादव, गौरव पराते व दिनेश बंदेवार सहित कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ व अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्तागण व बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
Share News On