कांग्रेस ने मनाई स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की जयंती
राजनीति
13-Aug-26
राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में हुआ आयोजन

छिन्दवाड़ा
राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री चुन्नीलाल राय की जयंती मनाई गई। कांग्रेस के वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और देशहित में किए गए कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। देश की आजादी और स्वतंत्रता के लिए उनके योगदान को नमन करते हुए उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री चुन्नीलाल जी राय का जन्म 13 अगस्त सन् 1920 को छिंदवाड़ा स्थित गोलगंज क्षेत्र में हुआ था। माता श्रीमती सीतादेवी राय एवं पिता श्री नाथूलाल जी राय की प्रेरणा और मातृभूमि के प्रति प्रेम ने उन्हें आजादी के लिए प्रेरित किया। भारत की आजादी के आंदोलन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री राय के निवास पर क्रांतिकारियों की बैठक होती थी। तब उन्हें अंग्रेजों द्वारा बंदी बनाया गया था। न्यायालय द्वारा श्री राय को 07 साल का कारावास दिया गया था, सजा के दौरान उन्हें क्रमशः छिंदवाड़ा, नागपुर और अमरावती की जेलों में रखा गया था। स्व. चुन्नीलाल जी राय अपने जीवनकाल में जिला कांग्रेस कमेटी के कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। उनकी कांग्रेस के प्रति निष्ठा और समर्पण को याद करते हुए 106 वीं जन्म जयंती राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई।
आयोजित कार्यक्रम में हेमंत राय जो कि जिला कांग्रेस के पदाधिकारी भी है उनका सम्मान किया गया। आयोजित कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, नेता प्रतिपक्ष श्रीमती हंसा अम्बर दाढ़े, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सरला सिसोदिया श्रीवास्तव, जय सक्सेना, फिरोज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण सहित कांग्रेस विचारधारा के लोग, सामाजिक व धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।