कांग्रेस तथ्यहीन आरोपों से जनता को गुमराह नहीं कर सकती: शेषराव यादव
राजनीति
02-Jul-26
छिंदवाड़ा
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका प्रश्न उठाने की होती है, लेकिन प्रश्न और आरोप के बीच का अंतर समझना भी उतना ही आवश्यक है। बिना तथ्य और प्रमाण के लगाए गए आरोप केवल राजनीतिक शोर पैदा करते हैं, सत्य स्थापित नहीं करते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिन विषयों को लेकर भाजपा पर आरोप लगा रही है, यदि उसके पास कोई ठोस प्रमाण हैं तो उन्हें संबंधित जांच एजेंसियों के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। प्रेसवार्ता के माध्यम से भ्रम का वातावरण बनाना न तो लोकतांत्रिक परंपरा है और न ही जनहित।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि भाजपा का राजनीतिक संस्कार आरोप लगाने का नहीं, जवाबदेही निभाने का है। आज प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं से जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार मजबूत हुआ है, यही कांग्रेस की बेचौनी का कारण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर प्रश्नचिन्ह लगाने से पहले अपने लंबे शासनकाल का निष्पक्ष मूल्यांकन करना चाहिए। जनता यह भी जानती है कि किसने विकास को गति दी और किसने वर्षों तक जिले को केवल राजनीतिक प्रयोगशाला बनाकर रखा।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने स्पष्ट कहा कि भाजपा का मत सदैव स्पष्ट रहा है कानून से ऊपर कोई नहीं है। यदि किसी भी मामले में कोई दोषी है तो उसके विरुद्ध निष्पक्ष जांच हो और कानून के अनुसार कार्रवाई हो। लेकिन बिना प्रमाण किसी व्यक्ति, संस्था या सरकार पर आरोप लगाना केवल राजनीतिक हताशा का परिचायक है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विवाद नहीं, विकास की राजनीति में विश्वास करती है। जनता आज भावनात्मक नारों से नहीं, बल्कि काम, पारदर्शिता और परिणामों के आधार पर अपना निर्णय करती है। हमें पूरा विश्वास है कि छिंदवाड़ा की जागरूक जनता सत्य और असत्य के बीच का अंतर भली-भांति समझती है। उन्होंने कहा कि निराधार आरोपों से भाजपा न कभी विचलित हुई है और न होगी।