भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के एक साल पूर्ण
राजनीति
02-Jul-26
जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा सेवा, संगठन और समर्पण के नए प्रतिमान स्थापित
छिंदवाड़ा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व का सफलतापूर्वक एक वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि बीते एक वर्ष में प्रदेश संगठन ने सेवा, संगठन और समर्पण के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा ने संगठनात्मक विस्तार के साथ-साथ जनविश्वास को भी अभूतपूर्व रूप से मजबूत किया है।
श्री यादव ने कहा कि हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय, सशक्त एवं परिणामोन्मुख बनाने का कार्य किया। उन्होंने कार्यकर्ता-आधारित संगठन की अवधारणा को मजबूती देते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान, अवसर और जिम्मेदारी प्रदान की। यही कारण है कि आज भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ संगठन के अभियानों एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में प्रदेश संगठन ने प्रभावी भूमिका निभाई है। प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण अभियान, बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार, सेवा गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों को नई गति मिली है, जिससे संगठन निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि हेमंत खंडेलवाल के अनुभवी, दूरदर्शी एवं कार्यकर्ता-केंद्रित नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश आगामी समय में भी संगठनात्मक दृष्टि से नए कीर्तिमान स्थापित करेगी तथा जनता के विश्वास पर पूर्णतः खरी उतरेगी। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सफल नेतृत्व के एक वर्ष पूर्ण होने पर पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।