Home News Helpline Classified Jobs About Contact

सड़कों पर लगे अवैध होर्डिंग और फ्लेक्स हटाने कलेक्टर ने दिए निर्देश

सड़कों पर लगे अवैध होर्डिंग और फ्लेक्स हटाने कलेक्टर ने दिए निर्देश
छिंदवाड़ा
26-Nov-26
जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

छिन्दवाडा अपडेट

जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा सड़क सुरक्षा के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक गुरूवार को कलेक्टर  हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में सम्पन्न हुई।

शहर में अवैध फ्लेक्स हटाने के लिए प्रतिदिन रात्रि में कार्रवाई करें

बैठक में शहर के विभिन्न मार्गों एवं चौराहों पर लगाए गए अवैध फ्लेक्स का विषय भी सामने आया। कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि कई स्थानों पर यातायात संकेतक बोर्डों के ऊपर भी फ्लेक्स चस्पा कर दिए जाते हैं, जिससे संकेतक बोर्ड स्पष्ट दिखाई नहीं देते और वाहन चालकों को परेशानी होती है। उन्होंने अतिक्रमण अधिकारी को निर्देश दिए कि अवैध फ्लेक्स हटाने के लिए प्रतिदिन रात्रि में टीम भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

छिंदवाड़ा-तामिया मार्ग पर एक माह में मिडिल लाइन एवं साइड लाइन का कार्य पूर्ण कराएं

बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा के दौरान छिंदवाड़ा-तामिया मार्ग पर सड़क की मिडिल लाइन एवं साइड लाइन बनाने के कार्य की जानकारी ली गई। इस पर एमपीआरडीसी के इंजीनियर ने बताया कि मार्ग पर लगातार कार्य कराया जा रहा है तथा किए गए कार्यों के फोटोग्राफ भी प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री नारायन ने कार्य की समीक्षा करते हुए शेष कार्य को एक माह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

ई.एल.सी. चौराहे की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए संशोधित नक्शे पर चर्चा

बैठक में शहर के ई.एल.सी. चौराहे की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए प्रस्तावित संरचनात्मक बदलावों पर चर्चा की गई। पिछली बैठक में नगर निगम द्वारा प्रस्तुत नक्शे की समीक्षा के दौरान उसमें अपेक्षित सुधार की आवश्यकता पाए जाने पर कलेक्टर श्री नारायन ने नया नक्शा तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में आज की बैठक में नगर निगम द्वारा संशोधित नक्शा प्रस्तुत किया गया, जिस पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री नारायन ने प्रस्तावित व्यवस्था को शीघ्र अंतिम रूप देकर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, ताकि चौराहे पर यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

सत्कार चौराहे पर रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई के निर्देश

बैठक में मुख्य बस स्टैंड के पीछे से बीएसएनएल कार्यालय के सामने होते हुए सत्कार चौराहे पर रॉन्ग साइड से प्रवेश करने वाले वाहनों के संबंध में भी चर्चा की गई। इस मार्ग से गलत दिशा में आने वाले वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। कलेक्टर श्री नारायन ने यातायात पुलिस को रॉन्ग साइड से आने वाले वाहन चालकों को रोकने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री नारायन ने शहर में अतिक्रमण हटाने, यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध होर्डिंग एवं फ्लेक्स पर कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर श्री नारायन ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, एनएचएआई, एमपीआरडीसी, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, यातायात पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Share News On