Home News Helpline Classified Jobs About Contact

कुंडालीकला में 29 से 108 कुंडीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ

कुंडालीकला में 29 से 108 कुंडीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ
धर्म
26-Nov-26
श्रीमद् देवी भागवत कथा का भव्य आयोजन

शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज का होगा आगमन  

छिंदवाड़ा अपडेट

कुंडालीकला में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच 108 कुंडीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा का भव्य आयोजन 29 नवंबर से 7 दिसंबर तक किया जा रहा है। इस नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है। उक्त कार्यक्रम में सांसद बंटी विवेक साहू प्रमुख रूप से शामिल होंगे। इस धार्मिक आयोजन में 6 दिसंबर 2026 को अनंत विभूषित द्वारका शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज का ग्राम कुंडालीकला में आगमन होगा।    

आयोजन समिति के राकेश बेलवंशी ने बताया कि मां भगवती जगतजननी मां जगदंबा की कृपा से ग्राम कुंडालीकला में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से इस विशाल धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य धर्म, भक्ति, आध्यात्मिक चेतना एवं सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना है। इस भव्य आयोजन में 108 कुंडीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ के साथ श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का आयोजन भी होगा। कथा का वाचन श्रद्धेय पं. नंदकिशोर पाण्डेय के द्वारा किया जाएगा। वहीं मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत के रूप में उनका सानिध्य प्राप्त होगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ 29 नवंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा प्रातः 9 बजे प्रारंभ होगी। इसी दिन पंचांग पूजन एवं मंडप प्रवेश का कार्यक्रम भी संपन्न होगा। प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक यज्ञ एवं दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक 7 दिसंबर को यज्ञ की पूर्णाहुति, कथा विश्राम एवं महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन का स्थान स्कूल ग्राउंड कुंडालीकला रखा गया है। आयोजन समिति श्री सहस्त्र चंडी महायज्ञ एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा समिति कुंडालीकला तथा समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर यज्ञ, कथा एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
Share News On