Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में सफलता के लिए कलेक्टर ने गठित की टीम

स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में सफलता के लिए कलेक्टर ने गठित की टीम
छिंदवाड़ा
04-Apr-26
रैकिंग में बेहतर प्रदर्शन करने हर बिंदु पर काम करने के दिए निर्देश

छिंदवाड़ा

कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 अंतर्गत नगर निगम छिंदवाड़ा की टीम के साथ आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिये विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

हर सप्ताह होगी समीक्षा

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन 2025-26 की दृष्टि से आयुक्त नगर निगम द्वारा नियमित साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की जाए। शहर में दर्शनीय स्वच्छता की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी पीआईयू आदित्य वर्मा को सौंपी गई। स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मालवी, आदित्य वर्मा एवं नोडल अधिकारी अभिनव कुमार तिवारी की संयुक्त टीम गठित कर शहर की समग्र स्वच्छता व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर अंतर्गत सभी स्थानों से अनावश्यक बैनर एवं पोस्टर हटाने तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध चालानी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सफाई दरोगा के साथ सप्ताह में दो बार होगी समीक्षा बैठक

समस्त जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सप्ताह में दो बार अपने-अपने क्षेत्रों में दरोगा के साथ समीक्षा बैठक आयोजित करें। इसके अतिरिक्त शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों, सड़कों के किनारे एवं रोड डिवाइडरों पर जमा मिट्टी के ढेर हटाने के लिये विशेष अभियान चलाया जाएगा। शहर के सभी 12 सार्वजनिक शौचालयों का विकास एवं नियमित मॉनिटरिंग संबंधित जोनल अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित की जाएगी तथा आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएंगे। डॉक्यूमेंटेशन कार्य की जिम्मेदारी सिद्धि विनायक वेस्ट मैनेजमेंट टीम को सौंपी गई है, जिसकी मॉनिटरिंग श्री वर्मा द्वारा की जाएगी। शहर के तीनों यूरिनल में लंबित कार्य नोडल अधिकारी श्री अभिनव कुमार तिवारी द्वारा शीघ्र पूर्ण कराए जाएंगे। इसके अलावा शहर के 19 शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण संबंधित जोनल अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।

शहर को सुंदर दिखाने होगी पेटिंग

बैठक में एमपीयूडीसी के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने, बैकलेन में पेंटिंग कार्य कराने तथा रेड स्पॉट एवं येलो स्पॉट चिन्हित स्थानों पर विशेष स्वच्छता कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान बैठक में नगर निगम आयुक्त सी.पी.राय, नोडल अधिकारी, पीआईयू, एएचओ, नगर निगम के सभी पाँचों जोन के एसआई एवं आईईसी टीम के सदस्य उपस्थित थे।
Share News On