सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प
छिंदवाड़ा
10-Jul-26
छिंदवाड़ा

जिले में जैवविविधता संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को जनआंदोलन बनाने की दिशा में स्वयंसेवी संस्था कुकड़ा ग्राम उत्थान समिति ने स्थानीय होमगार्ड परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया। सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की मौजूदगी में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के संयोजक एवं पर्यावरणविद् श्यामल राव ने कहा कि जैवविविधता का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने बताया कि होमगार्ड परिसर में पिछले कई वर्षों से विभाग और पर्यावरण प्रेमियों के सहयोग से लगाए गए पौधे आज सुरक्षित एवं विकसित अवस्था में हैं, जो सामूहिक प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।
उन्होंने सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों से अपने घर पर कम से कम एक पौधा अपने नाम से लगाने और उसे पेड़ बनने तक संरक्षित रखने का आग्रह किया। साथ ही आम, जामुन, इमली और सीताफल जैसे फलों के बीजों को जंगलों, खेतों की मेड़ों और टेकड़ियों पर रोपित करने की अपील करते हुए कहा कि यह छोटा प्रयास भविष्य में हरियाली बढ़ाने और जैवविविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।