Home News Helpline Classified Jobs About Contact

आंगनबाड़ी में बच्चों को मिली खेल एवं शिक्षण सामग्री, खिल उठे चेहरे

आंगनबाड़ी में बच्चों को मिली खेल एवं शिक्षण सामग्री, खिल उठे चेहरे
शिक्षा
18-Jul-26
छिंदवाड़ा

जिले के खजरी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में अध्ययनरत बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थानीय समाजसेवियों और समर्थ कॉलोनी के रहवासियों द्वारा खेल एवं शिक्षण सामग्री भेंट की गई। सामग्री मिलने पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

आंगनबाड़ी केंद्र की पर्यवेक्षक शबनम मंसूरी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप केंद्र में बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने और उन्हें आनंददायक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर समाजसेवियों, सामाजिक संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों से आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की जाती है।

इस अपील को स्वीकार करते हुए समर्थ कॉलोनी के रहवासियों ने केंद्र को तीन सीलिंग फैन, चटाइयां, पजल्स, क्रिकेट किट, हाथी एवं घोड़ा गाड़ी खिलौने, फुटबॉल, ट्यूब लाइट, एबीसी शिक्षण किट, सी-सॉ स्लाइडर सहित विभिन्न खेल एवं शिक्षण सामग्री प्रदान की। उपलब्ध कराई गई सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 10 हजार रुपये बताया गया है।

इस अवसर पर समाजसेवी श्यामल राव, पर्यवेक्षक शबनम मंसूरी तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भावना साहू ने रितेश पांडे, अखिलेश मेंडे एवं समर्थ कॉलोनी के सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है और इस प्रकार की पहल अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है।
Share News On