ब्लॉक अध्यक्ष एवं उप ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी की रीढ़
राजनीति
22-Jul-26
पूर्व सांसद नकुलनाथ ने ली छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के ब्लाक अध्यक्षों की बैठक

छिन्दवाड़ा
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष एवं उप ब्लॉक अध्यक्ष पार्टी के लिए रीढ़ की हड्डी है। आपकी महत्ता व उपयोगिता आप स्वतः जानते हैं, इसीलिये मुझे बहुत की बताने और समझाने की आवश्यकता नहीं है। संगठन को ब्लॉक और उप ब्लॉक स्तर पर सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी ब्लॉक व उप ब्लॉक अध्यक्षों के कांधों पर है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे समस्त सम्मानीय ब्लॉक व उप ब्लॉक अध्यक्ष के कांधे मजबूत है और वे प्रत्येक जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार है। उक्त उदगार जिले के पूर्व सांसद माननीय नकुलनाथ जी ने छिन्दवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी व पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त ब्लॉक अध्यक्ष एवं उप ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की अहम जिम्मेदारी ब्लॉक व उप ब्लॉक अध्यक्षों की भी है। वे अपने ब्लॉक व उप ब्लॉक को संगठनात्मक दृष्टि से और अधिक मजबूत करें, क्योंकि उनकी ताकत ही जिला संगठन को मजबूती प्रदान करती है। आयोजित बैठक में छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त ब्लॉक अध्यक्षगण व उप ब्लॉक अध्यक्षगण उपस्थित रहे।
सभी वार्डों में सक्रिय कमेटियों का हो गठन
छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के नगर कांग्रेस अध्यक्ष एवं नगर कांग्रेस की कार्यकारिणी के अध्यक्षों की बैठक में पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कहा कि आगामी निकाय चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण कार्य है मतदाता सूची का अवलोकन करना। दूसरा आवश्यक कार्य है वार्ड कमेटियों का गठन जिसे पूरी गम्भीरता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। नगर अध्यक्ष व कार्यकारिणी के अध्यक्षों के सुझाव सुनने के उपरांत कहा कि बूथ कमेटियों के गठन में विशेष रूप से इस बात का ध्यान अवश्य रखें कि वार्डों के नए चेहरों को जोड़ें। वार्ड स्तर के नागरिकों को प्राथमिकता दें साथ ही गठन उपरांत संगठनात्मक कार्यक्रम व जनसमस्याओं पर चर्चा भी स्थानीय स्तर पर कर उसके समाधान तलाशें। वार्ड कमेटियों की बैठक वार्ड स्तर पर आयोजित की जाए उसकी तिथि तय करें और उसी तारीख में बैठकों का आयोजन कर वार्ड स्तर पर नागरिकों के सुझावों को प्राथमिकता दें।