Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

आपातकाल की बरसी पर मनेगा ‘काला दिवस’, मीसाबंदियों का होगा सम्मान

आपातकाल की बरसी पर मनेगा ‘काला दिवस’, मीसाबंदियों का होगा सम्मान
राजनीति
23-Jun-26
छिंदवाड़ा

25 जून 1975 को देश में लगाए गए आपातकाल की बरसी को ‘भाजपा काला दिवस’ के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय, छिंदवाड़ा में मीसाबंदियों का सम्मान एवं उनके संस्मरण सुनने का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव द्वारा आपातकाल की बरसी के कार्यक्रम हेतु  जिला टोली का गठन किया गया है जिसमें जिला महामंत्री विजय पांडे को जिला संयोजक एवं सहसंयोजक पूर्व नगर पालिक निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र मिगलानी, पूर्व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश बैस को नियुक्त किया गया है। 

भाजपा जिला महामंत्री विजय पांडे ने बताया कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी द्वारा अपनी सत्ता और कुर्सी बचाने के लिए देश पर आपातकाल थोपा गया था। इस दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों का हनन किया गया तथा कांग्रेस विरोधी विचारधारा वाले संगठनों पर प्रतिबंध लगाकर उनके हजारों कार्यकर्ताओं और नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया था।

उन्होंने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय है, जिसे देश कभी भूल नहीं सकता। लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले मीसाबंदियों और लोकतंत्र सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए भारतीय जनता पार्टी प्रतिवर्ष 25 जून को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाती है।

जिला महामंत्री विजय पांडे ने बताया कि 25 जून 2026, गुरुवार को दोपहर 1 बजे जिला भाजपा कार्यालय, छिंदवाड़ा में समस्त मीसाबंदियों के सम्मान एवं उनके संस्मरण सुनने का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को नमन करने की अपील की है।
Share News On