नीट में सफल विद्यार्थियों को भाजपा जिलाध्यक्ष श्री यादव ने दी बधाई
शिक्षा
18-Jul-26
आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों ने बढ़ाया जिले का गौरव

छिंदवाड़ा
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 में सफलता प्राप्त करने वाले तामिया के आदर्श एकलव्य आवासीय विद्यालय के चारों विद्यार्थियों तथा छिंदवाड़ा के प्रतिभाशाली छात्र निनाद शुक्ला को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
मेहनत और लगन से पाई सफलता
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने नीट में सफलता प्राप्त करने वाले आदर्श एकलव्य आवासीय विद्यालय, तामिया के विद्यार्थियों कपिल पिता जयकुमार सरेआम, ग्राम अतारिया-हर्रई, ऋतिका पिता उदलशाह अंगारिया, ग्राम कोटरा-परासिया, उमा पिता ब्रजलाल धुर्वे, ग्राम बांगाई-तामिया एवं संकिता पिता सुरेश अंगारिया, ग्राम भैंसखोह-हर्रई को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि आदिवासी अंचल के इन होनहार विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे छिंदवाड़ा जिले का गौरव बढ़ाया है।
जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए बनेंगे प्रेरणा स्त्रोत
उन्होंने छिंदवाड़ा के छात्र निनाद शुक्ला को भी 603 अंक प्राप्त कर अखिल भारतीय स्तर पर 3801वीं रैंक हासिल करने पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता उनके माता-पिता, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने आदर्श एकलव्य आवासीय विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुशवाह तथा सभी शिक्षकों को भी इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई दी।
भाजपा सरकार के जनजातीय क्षेत्रों में किए प्रयासों का सार्थक परिणाम
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब दिखाई दे रहा है। आज दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने सपनों को साकार कर रहे हैं। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।