Home News Business Offers Classified Jobs About Contact

छिंदवाड़ा सहित शहडोल, नीमच और मंडला में एयरपोर्ट को मिली मंजूरी

छिंदवाड़ा सहित शहडोल, नीमच और मंडला में एयरपोर्ट को मिली मंजूरी
छिंदवाड़ा
20-Mar-26
सांसद बंटी विवेक साहू ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किजारापु राममोहन नायडू और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात

छिंदवाड़ा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के बाद छिंदवाड़ा में एयरपोर्ट बनने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा सहित प्रदेश के अन्य 3 जिलों में एयरपोर्ट बनाने की घोषणा कर दी है। छिंदवाड़ा में एयरपोर्ट बनाने के लिए सांसद बंटी विवेक साहू के द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे थे, पिछले दिनों लोकसभा सत्र के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किजारापु राममोहन नायडू और भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी।


रीवा से रायपुर हवाई सेवा के शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में छिंदवाड़ा सहित 4 नए एयरपोर्ट बनाए जायेंगे। इन्हें एयरस्ट्रीप रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के अंतर्गत विकसित किया जायेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में 8 एयरपोर्ट हैं। शीघ्र ही उज्जैन और शिवपुरी का एयरपोर्ट प्रारंभ होने पर संख्या 10 हो जाएगी। प्रदेश में कुल 20 हवाई पट्टियां और 220 हेलीपैड हैं। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा, शहडोल, नीमच और मंडला में भी एयरपोर्ट बनेंगे। सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का कहना है कि हवाई चप्पल पहनने वाले व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सकते हैं। उनके इस मंत्र को साकार करने के लिए प्रदेश में जहां पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा प्रारंभ की गई वहीं धार्मिक पर्यटन हेली सेवा भी प्रारंभ की गई हैं।

सांसद ने की थी केंद्रीय मंत्री किंजारापू राममोहन नायडू से मुलाकात

सांसद बंटी विवेक साहू ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजारापू राम मोहन नायडू से मुलाकात करते हुये छिंदवाड़ा में एयरपोर्ट की स्थापना किए जाने का मांग पत्र सौंपा था। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा एयरपोर्ट के लिए नवीन स्थल को चिन्हांकित किया गया है। सर्वे एजेन्सी द्वारा ग्राम तिकाड़ी, तिवरा कामथ एवं खूनाझिर कलां में एयरपोर्ट के लिये फिजीबिलिटी रिपोर्ट तैयार की गई है। जिला छिन्दवाड़ा में एयरपोर्ट की विस्तृत रिपोर्ट एवं डी.पी.आर. तैयार करने का नवीन कार्य प्रस्तावित है। 

सिवनी, बैतूल, नरसिंहपुर को भी मिलेगा लाभ

सांसद श्री साहू ने केंद्रीय मंत्री श्री नायडू को अवगत कराया था कि छिन्दवाडा, सिवनी, बैतूल, नरसिंहपुर का नजदीकी एयरपोर्ट नागपुर है, जिसके लिये करीब ढाई घंटे की सडक यात्रा करनी पड़ती है। एयरपोर्ट के निर्मित होने से छिन्दवाड़ा एवं पान्ढुर्ना के अतिरिक्त सिवनी, बैतूल, नरसिंहपुर  जिले के उद्योगपतियों, छात्रों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी करने वालों, बीमारों को उच्च उपचार के लिये आने जाने में तथा व्यापारियों को अपने व्यापार के लिये प्रवास में सुविधा होगी। सांसद ने छिन्दवाडा जिले में एयरपोर्ट की स्थापना एवं व्यावसायिक उडानों का संचालन शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की थी।

Share News On